सेना के शिविर में 412 मरीजों की आंखों का ऑपरेशन:5 दिन का मेगा नेत्र शिविर, सात साल से अंधे युवक को भी मिली नई रोशनी
मेरठ में भारतीय सेना ने सेवा और जनकल्याण की मिसाल पेश करते हुए सैन्य अस्पताल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा मेगा सर्जिकल नेत्र शिविर आयोजित किया। 21 से 25 नवंबर तक चले ऑपरेशन दृष्टि के 13वें संस्करण में तीन दिनों के भीतर 412 मरीजों की आंखों की सर्जरी की गई। सभी ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किए गए। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 197 वंचित नागरिक शामिल रहे। शिविर में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, विट्रियो-रेटिनल और टेरिजियम से जुड़ी सर्जरी की गईं। शिविर में 55 से 60 ऐसे मरीजों का ऑपरेशन करना रहा, जो पके हुए मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे। सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इन मरीजों की सर्जरी कर उनकी जिंदगी में दोबारा रोशनी की उम्मीद जगाई। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा की सुविधा पहुंचाना था। यह पहल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की परिकल्पना के तहत संचालित की जा रही है। पांच जिलों में चलाया जांच अभियान शिविर से पहले सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं के नेत्र रोग विशेषज्ञों और चिकित्सा अधिकारियों ने बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में मरीजों की जांच की। इनमें जिन मरीजों को सर्जरी की जरूरत थी, उन्हें सैन्य अस्पताल मेरठ लाया गया। यहां 22 से 24 नवंबर तक ऑपरेशन किए गए। शिविर का नेतृत्व आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), दिल्ली छावनी के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा ने किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जटिल मामलों की भी सर्जरी की। सात साल बाद अक्षय की जिंदगी में लौटी रोशनी शिविर में इलाज कराने पहुंचे मरीजों की कहानियां भी अभियान की अहम उपलब्धि रहीं। वर्ष 2019 में आंख में गंभीर चोट लगने के बाद 30 वर्षीय रिक्शा चालक अक्षय कुमार की दुनिया अंधकारमय हो गई थी। सात साल तक वह सामान्य रूप से देख नहीं सके। शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने सैन्य अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। इसी तरह राजपुर कलां निवासी 63 वर्षीय रविंद्र राठी भी तीन साल से अंधेरे में जीवन बिता रहे थे। मधुमेह और पके हुए मोतियाबिंद के कारण उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी। शिविर में उनकी भी सर्जरी की गई। बुधवार को सैन्य अस्पताल मेरठ में शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा और प्रदेश सरकार के सैनिक कल्याण, राजनीतिक पेंशन एवं प्रादेशिक रक्षक दल विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने चिकित्सा दलों और लाभार्थियों से संवाद किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)