भाजपा विधायक अनिल बोले-भितरघातियों को बेनकाब करूंगा:उन्नाव में बोले- मुझे 3 महीने में हटाकर दिखाओ, मुझे अपने ही हराएंगे

Nov 05, 2026 - 12:51
0
भाजपा विधायक अनिल बोले-भितरघातियों को बेनकाब करूंगा:उन्नाव में बोले- मुझे 3 महीने में हटाकर दिखाओ,  मुझे अपने ही हराएंगे
उन्नाव के पुरवा से भाजपा विधायक अनिल सिंह ने पार्टी के भीतर भितरघात करने वालों को तीन महीने में बेनकाब करने को कहा। गुरुवार को कंचनपुर स्थित अपने कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं कर सके तो पुरवा छोड़कर चले जाएं। सुबह करीब 11 बजे हुए कार्यक्रम में सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ पुराने नेता पुरवा में कमल का फूल खिलने से रोकने के लिए साजिश कर रहे हैं। उन्होंने नए बूथ अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों से ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी असलियत सामने लाने को कहा। सिंह ने कहा कि कुछ लोग खुद को 30 साल से भाजपा में बता रहे हैं, लेकिन पार्टी को जिताने के बजाय हराने का काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों की मंशा सामने लानी होगी। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कहते हैं, ‘दुकान बंद हो गई है, अनिल सिंह को निपटाओ।’ उन्होंने नए बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों से ऐसे लोगों को पहचानकर बेनकाब करने को कहा। साथ ही, विरोधियों को राजनीतिक रूप से जवाब देने की बात कही। सिंह ने कहा कि जब तक वह भाजपा में हैं, कमल के फूल को मुरझाने नहीं देंगे। उन्होंने कहा, ‘पुरवा में अनिल सिंह का दबदबा था और रहेगा। यहां गरीब और कमजोर लोगों का दबदबा चलता है। इज्जतदार लोगों का सम्मान चलता है।’ उन्होंने कहा कि पुरवा के स्थानीय लोग ही उन्हें चुनाव में हरा सकते हैं, बाहरी लोग नहीं। सिंह ने यह भी कहा कि राजनीतिक विरोध करना गलत नहीं है, लेकिन बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके मुताबिक, वोट न देना विरोध नहीं है, लेकिन मर्यादा तोड़कर व्यवहार करना विरोध की श्रेणी में आता है। भाषण के दौरान उन्होंने अपने विरोधियों को चुनाव के बाद कानूनी कार्रवाई और जेल जाने की चेतावनी देते हुए भी निशाना साधा। पत्नी कल्पना सिंह ने तीसरी बार जिताने की अपील की कार्यक्रम में विधायक की पत्नी कल्पना सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अनिल सिंह को लगातार तीसरी बार विधायक चुनने की अपील की। समारोह में भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। इस दौरान अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री महेंद्र लोधी, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि पुरवा अमित त्रिवेदी, ब्लॉक प्रमुख असोहा आनंद गुप्ता, जिला महामंत्री डॉ. रजनीश वर्मा और पूर्व मंडल अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव मौजूद रहे। इसके अलावा असोहा और बिछिया ब्लॉक के भाजपा एवं माही संस्था से जुड़े बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User