चार साल की बच्ची की कफ-सिरप पीने के बाद मौत:15 घंटे सोने के बाद नहीं जागी; डॉक्टर ने ओवरडोज को मौत की वजह बताया
हरदोई जनपद के सांडी थाना क्षेत्र पेराड़ी गांव में चचेरे भाई के नामकरण में शामिल होने गई चार वर्षीय अलकाफिया की कफ सिरप पीने के बाद मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, बच्ची ने तय मात्रा से ज्यादा सिरप पी थी। डॉक्टर ने ओवरडोज और लंबे समय तक सोने को मौत की वजह बताया। बुधवार की देर शाम 7:15 बजे मासूम ने सीरप पी थी। बृहस्पतिवार की सुबह 11:45 पर डॉक्टर ने उसको मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया। टड़ियावां थाना क्षेत्र के हर्रई गांव निवासी अलकाफिया के पिता सद्दाम राज मिस्त्री का काम करते हैं। सद्दाम की मां शबीना बेगम, पोती अलकाफिया, पुत्रवधू रेहाना और बेटे शादाब के साथ सांडी थाना क्षेत्र के पेराड़ी गांव में नामकरण संस्कार में शामिल होने गई थीं। यह कार्यक्रम उनकी बेटी साहेबा के बेटे का था। बुधवार शाम करीब 7:15 बजे रेहाना के 70 वर्षीय रिश्तेदार को खांसी आ रही थी। इसके लिए कमरे में कफ सिरप रखी गई थी। वहां खेल रही अलकाफिया ने सिरप पी ली। ढक्कन खुला होने पर वह अपनी दादी के पास गई और सिरप पीने की बात बताई। परिजनों ने इसे बच्चों की सामान्य बात समझकर गंभीरता से नहीं लिया। इसके कुछ देर बाद अलकाफिया सो गई। परिजनों को लगा कि वह थक गई है। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक बच्ची नहीं जागी, तो वे उसे गांव के स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां डॉक्टरों ने सुबह 11:45 बजे अलकाफिया को मृत घोषित कर दिया। अलकफिया दो बहनों में बड़ी थी। उसकी छोटी बहन 2 साल की है। उसका कोई भाई नहीं है। अलकाफिया का शव देखकर उसकी मां और दादी बदहवास हो गईं। इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अमित आनंद के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि बच्ची ने तय मात्रा से ज्यादा कफ सिरप पी थी। डॉक्टर ने ओवरडोज और ज्यादा देर तक सोने को मौत की वजह बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)