भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में गोरखपुर के 6 खिलाड़ी:एशियन चैंपियनशिप में लेंगे हिस्सा, अमन राज कैप्टन बने
गोरखपुर के 6 खिलाड़ी एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिसका आयोजन चेन्नई में 26 से 29 अक्टूबर तक होने वाला है। खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय टुर्नामेंट में गोरखपुर के ही अमन राज को भारतीय सीनियर टीम का कैप्टन बनाया गया है। सभी खिलाड़ी आज चेन्नई के लिए रवाना हो गए हैं। यूथ और सीनियर दोनों वर्गों में मिलाकर भारतीय टीम में शहर के अमन राज, गौरव सिंह, प्रतीक त्रिपाठी, अविनाश साहनी, रोहित शर्मा और फैज शामिल हैं। यह जानकारी देते हुए टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव इमरान अहमद लारी ने बताया कि एक ही जनपद के छह खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल में चयन होना गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल के लिए गौरव की बात है। यूथ और सीनियर वर्ग में होगा आयोजन
इमरान अहमद लारी ने बताया कि एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन दो आयु वर्गों यूथ और सीनियर में किया जाएगा। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में 12 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसका आयोजन टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया और तमिलनाडु टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतियोगिता इंटरनेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन से संबद्ध है। उत्तर प्रदेश टीम के सदस्य रहे हैं खिलाड़ी फेडरेशन सचिव ने बताया कि भारतीय टीम में शामिल अमन राज, गौरव सिंह, प्रतीक त्रिपाठी, अविनाश साहनी और रोहित शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। अमन राज के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पुरुष टेनिस बॉल क्रिकेट टीम ने लगातार 10 बार सीनियर राष्ट्रीय टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रचा है। गौरव सिंह, प्रतीक त्रिपाठी, अविनाश साहनी और रोहित शर्मा भी इन ऐतिहासिक राष्ट्रीय उपलब्धियों में उत्तर प्रदेश टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का भी अनुभव है। ये पूर्व में श्रीलंका और बांग्लादेश के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अमन राज के नाम दर्ज हैं कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां
भारतीय सीनियर टीम के कप्तान अमन राज लंबे समय से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय देते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने लगातार दस सीनियर राष्ट्रीय खिताब जीते हैं। इसके अतिरिक्त भारतीय टीम ने दक्षिण एशियाई और एशियाई स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। मई 2026 में आयोजित सब-कॉन्टिनेंटल चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारतीय टीम ने अमन राज की कप्तानी में चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया था। अमन राज वर्तमान में भारत सरकार के केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग (CGST) में खेल कोटे के अंतर्गत कार्यरत हैं। सरकारी सेवा के साथ खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय टीम से स्वर्ण पदक की उम्मीद- इमरान
इमरान अहमद लारी ने कहा कि भारतीय दल में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अवसर दिया गया है। यूथ और सीनियर दोनों वर्गों में भारतीय खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा साबित की है। इस बार भी भारतीय टीम पूरे आत्मविश्वास और बेहतर तैयारी के साथ चैंपियनशिप में उतरेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)