लखनऊ में पार्षद ने बेल्ट से पीटा:पीड़ित राशन कार्ड के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने आए थे, FIR दर्ज
राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज में भाजपा पार्षद रामू कन्नौजिया द्वारा बेल्ट से पीटने का मामला सामने आया है। इसमें अब पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वार्ड नंबर 4 दाउद नगर के भाजपा पार्षद रामू दास कनौजिया और उनके सहयोगियों पर एक महिला और उनके पति के साथ मारपीट की गई। गालियां दी गईं। जान से मारने की धमकी भी दी गई। फैजुल्लागंज विष्णु विहार कॉलोनी, मड़ियांव में गीता बाजपेई रहती हैं। उन्होंने थाने में शिकायत दी है कि वह 4 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे अपने पति के साथ वार्ड संख्या 4 स्थित पार्षद रामू दास कनौजिया के कार्यालय गई थीं। पीड़िता को राशन कार्ड बनवाने के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी, जिसके संबंध में वे पार्षद के पास पहुंची थीं। कार्यालय में आधार कार्ड के पते को लेकर पार्षद ने आय प्रमाण पत्र बनाने से यह कहकर इनकार कर दिया कि यह नहीं बन पाएगा। जब पीड़िता ने इसका कारण पूछा, तो पार्षद रामू कनौजिया गुस्से में आ गए और उन्हें जोर से धक्का देते हुए भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। डंडे व चाबुक से पीटने का आरोप जब पीड़िता के पति ने इस दुर्व्यवहार का विरोध किया, तो पार्षद रामू कनौजिया, उनके भाई और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर उनके पति को पकड़ लिया। आरोप है कि आरोपियों ने डंडे और चाबुक से मारपीट कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया। मारपीट के बाद आरोपियों ने दंपति को धमकाया कि यदि उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस से की, तो उन्हें घर में घुसकर जान से मार देंगे। साथ ही यह भी धौंस जमाई कि वे इलाके के पार्षद हैं और पुलिस अधिकारियों तक उनकी पैठ है, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। किसी तरह दंपति ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद सहमा हुआ है और उसने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। मड़ियांव थाने की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत पार्षद रामू दास कनौजिया, उनके भाई और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राजदीप चौधरी को सौंपी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)