PNB में करोड़ों रुपए के गबन में सीबीआई की एंट्री:ग्रेटर नोएडा में महिला बैंककर्मी समेत कई लोगों पर केस
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में करोड़ों रुपए के घोटाले के मामले में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है। बैंक के मुख्य प्रबंधक और सर्कल मैनेजर अजय कुमार पांडे की शिकायत पर सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB), गाजियाबाद ने जांच शुरू की है। महिला बैंककर्मी दीपांशी समेत कई लोगों पर धोखाधड़ी और खातों से अवैध तरीके से रकम निकालने का आरोप है। बैंक सर्कल मैनेजर की शिकायत के मुताबिक, करीब तीन साल से ग्राहकों के बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में हेराफेरी कर रकम निकाली जा रही थी। आरोप है कि दीपांशी ने दूसरे बैंक अधिकारियों की CBS यूजर आईडी का इस्तेमाल किया। इसके जरिए ग्राहकों की जानकारी और अनुमति के बिना रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई। फिर कई खातों के जरिए यह रकम अशुतोष पाठक और अन्य आरोपियों तक पहुंचाई गई। जांच में FD में भी गड़बड़ी सामने आई है। आरोप है कि फर्जी तरीके से जॉइंट होल्डर जोड़कर समय से पहले रकम निकाली गई। ग्राहकों के मोबाइल पर आने वाले ट्रांजेक्शन अलर्ट बंद करने और लेनदेन के वाउचर नष्ट करने का भी आरोप है। बैंक ने दीपांशी, अशुतोष पाठक, प्रदीप कुमार समेत कई लोगों को आरोपी बनाया है। बैंककर्मियों की अब तक की जांच में 10.24 करोड़ रुपए की गड़बड़ी का जिक्र है। सीबीआई ने BNS, आईटी एक्ट और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच डिप्टी एसपी डॉ. जाहिर अख्तर को सौंपी गई है। वही,बीटा-2 थाने में भी लोग लगातार शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। आज 6 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। अब तक कुल 36 लोग FD टूटने और खाते से रकम ट्रांसफर होने की शिकायत पर केस दर्ज करा चुके हैं। इन 36 खाताधारकों की शिकायतों में करीब 20 करोड़ रुपए के गबन की आशंका जताई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)