बलिया के देवकली में नए पीएचसी का उद्घाटन:डीएम ने शुरुआत की, केंद्र में 6 बेड, लेबर रूम और पैथोलॉजी

Nov 14, 2026 - 17:34
0
बलिया के देवकली में नए पीएचसी का उद्घाटन:डीएम ने शुरुआत की, केंद्र में 6 बेड, लेबर रूम और पैथोलॉजी
बलिया के देवकली में शनिवार दोपहर करीब एक बजे नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरपुर महावल खुर्द का उद्घाटन हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में फीता काटकर केंद्र शुरू किया। डीएम ने कहा कि मंत्री दयाशंकर सिंह और ग्राम प्रधान के प्रयासों से पीएचसी शुरू हुआ है। मंत्री जरूरी काम के कारण कार्यक्रम में नहीं आ सके, इसलिए उन्हें उद्घाटन का मौका मिला। उन्होंने कहा कि इससे आसपास के 20 से 25 हजार लोगों को फायदा होगा। डीएम ने बताया कि पीएचसी में सभी सुविधाएं हैं और चिकित्सा कर्मचारियों के रहने के लिए आवास भी बनाया गया है। आने वाले समय में इसे आदर्श पीएचसी बनाने की कोशिश होगी, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि बलिया में आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज भी बनने जा रहा है। धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पीएचसी सरकार के तय मानकों के अनुसार बना है। इसमें 6 बेड, लेबर रूम और पैथोलॉजी की सुविधा है। शहर के पास होने के कारण यह केंद्र ज्यादा विकसित और व्यवस्थित रहेगा। उन्होंने कहा कि पीएचसी जनता के लिए उपयोगी साबित होगा। इस अस्पताल का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ ने 240.90 लाख रुपए की लागत से दो साल में पूरा किया। उद्घाटन के मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय, यू.पी.आर.एन.एस.एस. के अधिशासी अभियंता सुनील सिंह चंदेल, भाजपा नेता वीरेंद्र कुमार उर्फ टून जी पाठक, महावीर पाठक, अमरनाथ राय, श्वेता राय और रत्नाकर राय मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग से उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद चौधरी, हनुमानगंज ब्लॉक के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजशेखर और देवकली ग्राम प्रधान अंजली राय भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User