बलिया में विरोध के चलते नहीं खुली शराब-बीयर की दुकान:ग्रामीणों ने दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की, विधायक ने भी दिया बंद रखने का आश्वासन
बलिया के सहतवार वार्ड नंबर 14 की बस्ती में अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान मंगलवार को नहीं खुल सकी। विनोद राजभर हत्याकांड के बाद बंद दुकान को खुलवाने पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीएम बांसडीह डॉ. पुष्कर मिश्रा और सीओ बांसडीह जयशंकर दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। हालांकि, बस्ती के लोगों ने दुकान खोलने का विरोध किया, जिसके बाद अधिकारियों को लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान के कारण शराब पीने वाले लोग बस्ती में महिलाओं और लड़कियों से छेड़खानी करते हैं और भद्दी टिप्पणियां करते हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की छोटी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बस्ती में बच्चे, महिलाएं और लड़कियां रहती हैं, इसलिए यहां शराब की दुकान नहीं खुलनी चाहिए। विनोद राजभर की हत्या के बाद से बंद है दुकान ग्रामीणों ने बताया कि 9 नवंबर को बदमाशों ने घर में घुसकर विनोद राजभर की लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से दुकान बंद है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि वे दुकान दोबारा नहीं खुलने देंगे। उन्होंने इसे बस्ती से दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। विधायक ने फोन पर ग्रामीणों को दिया आश्वासन इस बीच बांसडीह विधायक ने ग्रामीणों से फोन पर बातचीत की और कहा कि दुकान नहीं खुलेगी। समाजसेवी अजय सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन विधायक, एसडीएम और सीओ ने भी दुकान नहीं खुलने देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि बस्ती में बच्चों, महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को देखते हुए दुकान दूसरी जगह होनी चाहिए। लिखित आपत्ति मिलने के बाद होगी कार्रवाई: एसडीएम एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने कहा कि ग्रामीणों ने दुकान के खिलाफ लिखित आपत्ति देने की बात कही है। आपत्ति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दुकान बंद है और उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)