बलरामपुर में 37 केंद्रों पर धान खरीद शुरू:डीएम ने मंडी समिति में तौल मशीन का पूजन किया; कहा- लापरवाही हुई तो एक्शन होगा
बलरामपुर में किसानों की मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने और बिचौलियों के खेल पर अंकुश लगाने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद का आगाज हो गया है।मंडी समिति स्थित धान क्रय केंद्र पर डीएम डॉ.विपिन कुमार जैन ने सोमवार दोपहर 1 बजे विधि-विधान से तौल मशीन का पूजन कर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया। पहले दिन ही डीएम ने क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को साफ संदेश दे दिया कि धान खरीद में न तो पारदर्शिता से समझौता होगा और न ही किसानों की सहूलियत के मामले में कोई बहानेबाजी चलेगी। धान बेचने पहुंचे किसान का डीएम ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।इसके बाद किसान से सीधे संवाद कर खरीद प्रक्रिया,सुविधाओं और संभावित परेशानियों की जानकारी ली।डीएम का यह अंदाज किसानों के सम्मान और प्रशासन की जवाबदेही का संदेश देता नजर आया। जिले में धान खरीद के लिए कुल 37 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 13,पीसीएफ के 10,यूपीएसएस के 13 और भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र शामिल है।डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर खरीद निर्धारित मानकों के मुताबिक और पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए।किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। निरीक्षण के दौरान डीएम ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी जांचने की प्रक्रिया देखी और गुणवत्ता परीक्षण के मानकों की जानकारी ली।तौल मशीन की कार्यप्रणाली भी परखी।अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की उपज की सही तौल हो और गुणवत्ता जांच के नाम पर किसी को अनावश्यक परेशान न किया जाए। डीएम ने क्रय केंद्र प्रभारियों को पर्याप्त बोरों की उपलब्धता,व्यवस्थित टोकन व्यवस्था,पेयजल,बैठने,छाया और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।साफ कहा कि संसाधनों की कमी के चलते किसानों को इंतजार नहीं करना पड़े। डीएम ने बताया कि सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति कुंतल और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है।उन्होंने किसानों से सरकारी केंद्रों पर धान बेचकर समर्थन मूल्य का लाभ उठाने की अपील की।साथ ही अधिकारियों को खरीद की नियमित निगरानी,शिकायतों के त्वरित निस्तारण और निर्धारित समयसीमा में भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, डिप्टी आरएमओ, क्रय केंद्र प्रभारी सहित किसान और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)