बलरामपुर में डीएम और अधिवक्ताओं के बीच वार्ता बेनतीजा:आम सभा में आंदोलन पर फैसला लेंगे अधिवक्ता, डेढ़ घंटे हुई बातचीत
बलरामपुर में धारा 34 समेत अन्य मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी और अधिवक्ताओं के बीच उपजे विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को संयुक्त बार संघ और डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के बीच वार्ता हुई। शाम 3 बजे शुरू हुई बैठक करीब डेढ़ घंटे यानी 4:30 बजे तक चली। वार्ता में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन अधिवक्ताओं ने आंदोलन को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले। उन्होंने मंगलवार को आम सभा की बैठक के बाद आगे की रणनीति तय करने की बात कही। बैठक में तीनों तहसीलों के बार संघों के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल रहे। वार्ता के दौरान धारा 34 के क्रियान्वयन और संघ भवन को गिराए जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। अधिवक्ताओं ने इन मुद्दों पर अपनी बात रखी, वहीं जिलाधिकारी ने भी समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। धारा 34 के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि इस मामले में शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी। वहीं, संघ भवन गिराए जाने के प्रकरण में उन्होंने जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही। टीम की रिपोर्ट और परिस्थितियों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। करीब डेढ़ घंटे चली इस वार्ता के बाद भी विवाद को लेकर अंतिम निर्णय सामने नहीं आया। अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली आम सभा की बैठक पर टिकी हैं। अधिवक्ता सभा में वार्ता के परिणामों पर विचार-विमर्श करेंगे और इसके बाद आंदोलन जारी रखने या आगे की रणनीति को लेकर निर्णय लेंगे। फिलहाल संयुक्त बार संघ ने अपने अगले कदम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)