यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:योगी बोले-अखिलेशजी, सपने मत देखो; पार्किंग को लेकर 3 हत्याएं; आयोग बोला-राम ने शर्मा को भी मारा
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर राहुल गांधी को अमित शाह मानहानि मामले में बरी करने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर लखनऊ में कार पार्किंग को लेकर तीन लोगों की गोली मारकर हत्या से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- शाह मानहानि केस में राहुल गांधी 8 साल बाद बरी, सुनाया 16 मिनट में फैसला राहुल गांधी को अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट ने बरी कर दिया। भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 2018 में केस दर्ज कराया था। फैसले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर डांस किया और आतिशबाजी की। इससे पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उनके काफिले की 5 गाड़ियां और एक एंबुलेंस टकरा गई थीं। डीजी ने जांच के लिए SIT बनाई। पूरी खबर पढ़ें 2- लखनऊ में कार पार्किंग को लेकर पिता-बेटे, भाई की हत्या, पड़ोसी ने गोलियां मारीं लखनऊ में पड़ोसी से पार्किंग के विवाद में RSS के पूर्व जिला सरकार्यवाह, उनके बेटे और लखनऊ विवि में कार्यरत भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर के सामने बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने को लेकर डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था। सोमवार को गाड़ी पार्क करने पर झगड़ा हुआ। आरोपी मर्चेंट नेवी में अफसर रहा है। सुयश की 5 दिसंबर को शादी होनी थी। पूरी खबर पढ़ें 3- योगी बोले- देश में 2 मियां, एक छोटे दूसरे बड़े, अखिलेश जी, सपने देखना बंद कीजिए कानपुर में CM योगी ने अखिलेश और राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि देश में दो मियां हैं, एक छोटे और एक बड़े। इन्हें घुसपैठियों से प्यार है, लेकिन गरीबों और युवाओं का अपमान करते हैं। कहा- अखिलेश जी, दोबारा सत्ता में आने का सपने देखना बंद कीजिए। विरासत में गद्दी मिल सकती, बुद्धि नहीं। योगी ने बिठूर में महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजा की। पूरी खबर पढ़ें 4- चुनाव आयोग बोला- 'सांसदजी, राम ने सिर्फ यादव नहीं, शर्मा को भी मारा', संजय सिंह को जवाब यूपी में वोटर लिस्ट में ‘राम ने यादव को मारा’ नाम पर चुनाव आयोग और AAP सांसद संजय सिंह आमने-सामने आ गए। संजय ने पूछा कि राम ने यादव को ही क्यों मारा, किसी शर्मा या सिंह को क्यों नहीं? आयोग ने पलटवार किया- राम ने शर्मा को भी मारा, कंप्यूटर जातिवादी नहीं है। तंज कसा- शुक्र है, किसी अल्पसंख्यक को नहीं मारा, वरना सांप्रदायिक होने का आरोप भी लगता। पूरी खबर पढ़ें 5- अखिलेश बोले- मुझे कुर्सी चाहिए, मैं साधु-संत थोड़ी हूं, मायावती के करीबी पूर्व IAS को सपा जॉइन कराई अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें सत्ता और मुख्यमंत्री की कुर्सी चाहिए ताकि प्रदेश का विकास कर सकें। उन्होंने यह बयान योगी के सत्ता-मोह वाले तंज के जवाब में दिया। उन्होंने करीब 20 नेताओं को सपा की सदस्यता दिलाई। इनमें भाजपा के पूर्व विधायक सिनोद शाक्य और कुशाग्र सागर, बसपा नेता दारा सिंह, पूर्व IAS राम बहादुर, अमेरिका से आईं सबीना परवीन भी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- संत कबीर नगर में टीचर का इकलौता बेटा 30 फीट नीचे गिरा, शव देखकर मां-बाप बेहोश संतकबीरनगर में टीचर के इकलौते बेटे शाश्वत राय की ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे गिरकर मौत हो गई। 17 साल का किशोर सड़क पर औंधे मुंह गिरा मिला। वह नया गिटार खरीदकर बाइक से वापस लौट रहा था। शव देखकर मां-बाप बदहवास हो गए। पिता संजय राय सरकारी और मां अनिता राय प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। नवरात्रि से दो दिन पहले वह प्रयागराज से घर आया था। पूरी खबर पढ़ें 7- आगरा में शिक्षक MLC चुनाव में सपा-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, 3 बूथों पर दोबारा वोटिंग हुई आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 3 बूथों पर सोमवार को दोबारा मतदान के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ता भिड़ गए। खेरागढ़ में दोपहर को हुई घटना के बाद तनाव फैल गया। पुलिस ने स्थिति संभाली। सैंया बूथ पर भी भाजपा-सपाई आमने-सामने आ गए। सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की थी। उन्होंने चुनाव न लड़ने का ऐलान किया है। पूरी खबर पढ़ें 8- औरैया का युवक फंदे से लटका, लिखा- मैडम जी से शादी करना चाहता था औरैया में युवक ने फांसी लगाने से पहले सुसाइड नोट लिखा। इसमें उसने लिखा कि वह मैडम से शादी करना चाहता था, लेकिन उन्होंने धोखा दे दिया। वह उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। वह नोएडा में फायरमैन था। शव घर से 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर लटका मिला। उसकी जेब से सुसाइड नोट और मोबाइल मिला। पास में बाइक खड़ी थी और युवक के कानों में ईयरबड लगे थे। पूरी खबर पढ़ें 9- प्रयागराज में राकेश टिकैत बोले- ओवैसी भाजपा का आदमी; इसके चक्कर में न पड़ें प्रयागराज में किसान नेता राकेश टिकैत ने ओवैसी को भाजपा का आदमी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां चुनाव हारने वाली होती है, वहां ओवैसी को भेजती है। किसानों की आमदनी नहीं बढ़ी, लेकिन खर्च और कर्ज बढ़ गए। यह सरकार बेशर्म और बेहया है। यह बड़े उद्योगपतियों की सरकार है। वह ट्रैक्टर चलाकर लंबे काफिले के साथ किसान क्रांति महापंचायत में पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें 10- फिरोजाबाद में 3 बहनों की एक-साथ उठी अर्थी, बेटे की मौत के सदमे से पिता की जान गई फिरोजाबाद में कार की टक्कर और उसके बाद हुई घटनाओं में एक ही गांव के 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन सगी बहनों समेत 5 लोगों की जान गई। बेटे की मौत का सदमा पिता बर्दाश्त नहीं कर सके। कैंसर पेशेंट पिता ने भी दम तोड़ दिया। पिटाई से घायल कार चालक की भी अस्पताल में मौत हो गई। 10 लोग घायल हैं। तीन बहनों की अर्थियां उठीं तो पूरा गांव रो पड़ा। पूरी खबर पढ़ें 11- मथुरा में बहन की हत्या करके लाश दफनाई, हिंदू युवक से लव-मैरिज से नाराज था मथुरा में हिंदू युवक से लव मैरिज करने पर भाई ने बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव कब्रिस्तान में दफना दिया। पत्नी से 15 दिन तक संपर्क नहीं होने पर राजस्थान में रह रहे पति ने पुलिस से शिकायत की। जांच में भाई ने हत्या कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि मां- मौसी हिरासत में हैं। कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम को भेजा गया। पूरी खबर पढ़ें 12- बस्ती में पिता और 2 बेटियों की मौत, रात भर ट्रक के नीचे दबे रहे बस्ती में ट्रक के नीचे दबकर पिता और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। तीनों भंडारे से पैदल घर लौट रहे थे, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। तीनों सड़क किनारे गड्ढे में गिरे ट्रक के नीचे दब गए। अंधेरे के कारण रातभर किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। सुबह ट्रक के नीचे चप्पलें दिखीं, तब हादसे का पता चला। लोगों ने ट्रक हटवाकर तीनों को बाहर निकाला लेकिन मौत हो चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें 13- टाइगर श्रॉफ केस- शाहजहांपुर के युवक से पूछताछ, मुंबई क्राइम ब्रांच की 5 घंटे पूछताछ बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने रविवार को शाहजहांपुर में कुलदीप कुमार नामक युवक से पांच घंटे पूछताछ की। दरअसल, इन्वेस्टिगेशन में एक नंबर मिला था, जो कुलदीप का था। वह मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार, उसका नंबर एक्टर के हमलावरों के परिचितों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) में मिला था इसलिए पूछताछ हुई। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- हमीरपुर में मुर्गों की लूट, कोई एक तो कोई दो लेकर भागा हमीरपुर में सड़क पर मुर्गे लूटने की होड़ मच गई। दरअसल, मुर्गों से भरी डीसीएम एक पेड़ से टकराकर पलट गई। इसमें दर्जनों मुर्गों की मौत भी हो गई। इसके बाद सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। वे देखते ही देखते मुर्गों को लूटने लगे। जिसके हाथ जितने मुर्गे लगे वह लेकर भागता दिखा। कल क्या रहेगा खास... 15- विधान परिषद चुनाव के नतीजे आएंगे 27 अक्टूबर को यूपी में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के नतीजे आएंगे। मंगलवार सुबह वोटों की गिनती शुरू होगी। शुक्रवार को वोटिंग हुई थी। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक 55.24 फीसदी वोट डाले गए थे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)