उत्तर मध्य रेलवे में भ्रष्टाचार खत्म करने की शपथ:सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, सूबेदारगंज से रेलगांव तक वाकाथन निकाली गई

Oct 26, 2026 - 19:39
0
उत्तर मध्य रेलवे में भ्रष्टाचार खत्म करने की शपथ:सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, सूबेदारगंज से रेलगांव तक वाकाथन निकाली गई
प्रयागराज उत्तर मध्य रेलवे में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत हुई। इस मौके पर उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में वाकाथन, हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक और शपथ ग्रहण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने कार्यों में ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत सोमवार सुबह सात बजे सूबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय के संगम परिसर से वाकाथन निकाली गई। यह वाकाथन रेलगांव रेलवे कॉलोनी स्थित स्पंदन अधिकारी क्लब तक पहुंची। इसमें उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक रहने और इसके उन्मूलन में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मुख्य सतर्कता अधिकारी विपुल कनौजिया सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने की शपथ दिलाई। शपथ में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त करने और अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी के साथ करने का संकल्प लिया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत संगम परिसर में भ्रष्टाचार के विषय पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इसके जरिए भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को सामने रखते हुए लोगों को ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सतर्कता विभाग की टीमें मुख्यालय और सभी मंडलों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी सर्कुलर और नियमों की जानकारी दे रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना, भ्रष्टाचार की रोकथाम करना और कर्मचारियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User