बोगस फर्म से करोड़ों की जीएसटी चोरी:बरेली पुलिस ने हरदोई के युवक समेत दो को किया गिरफ्तार

Nov 15, 2026 - 16:28
0
बोगस फर्म से करोड़ों की जीएसटी चोरी:बरेली पुलिस ने हरदोई के युवक समेत दो को किया गिरफ्तार
बरेली में फर्जी और बोगस फर्मों के जरिए करोड़ों रुपए की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की विशेष टीम ने हरदोई और उत्तराखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में हरदोई निवासी एक युवक की मुख्य भूमिका सामने आई है। उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बोगस फर्म तैयार की थी। दो थानों में दर्ज मुकदमों की जांच में खुलासा बरेली के एसपी क्राइम मनीष सोनकर और एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, बहेड़ी और बारादरी थानों में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान दोनों आरोपियों के नाम सामने आए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र के बसभेरिया बंजरिया गांव निवासी दीपांशु तिवारी और उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है। बिहार के युवक के दस्तावेजों से बनाई फर्जी फर्म जांच में पता चला कि हरदोई निवासी दीपांशु तिवारी ने दिल्ली में अकाउंट्स और टैली का काम सीखा था। इसके बाद उसने बिहार निवासी अभिषेक ठाकुर के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 'ठाकुर इंटरप्राइजेज' नाम से फर्जी फर्म बनाई। इस बोगस फर्म का इस्तेमाल कागजों पर भारी-भरकम कारोबार दिखाने और फर्जी बिलों के जरिए आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) पास कराने के लिए किया जाता था। इस काम में दीपांशु ने अपनी पत्नी सोनाली के मोबाइल फोन का भी इस्तेमाल किया। पुलिस ने दीपांशु के पास से दो मोबाइल फोन, सिमकार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। प्लाईवुड फर्म के नाम पर भी किया फर्जीवाड़ा दूसरे आरोपी राहुल अग्रवाल ने 'अग्रवाल प्लाईवुड' के नाम से बोगस फर्म बनाकर करोड़ों रुपए के राजस्व को नुकसान पहुंचाया। उसने अपने पैनकार्ड पर फर्म बनाई और बहेड़ी में दुकान किराए पर ली। इसके बाद उत्तराखंड के किच्छा में फर्जी बिल तैयार करवाए। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने अपने पिता के नाम पर लिए गए सिमकार्ड का नंबर फर्म में पंजीकृत कराया था। साथ ही कानपुर के एक बैंक में खाता खोलकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा था। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस की विशेष टीम दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और डेटा खंगाल रही है। इसके जरिए जीएसटी धोखाधड़ी के इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User