बोंग फेस्ट सीजन-4 का समापन:यूपी दर्शन पार्क में तीन दिन चला महोत्सव; नृत्य, चित्रकला और अंत्याक्षरी प्रतियोगिताएं हुईं

Nov 16, 2026 - 11:24
0
बोंग फेस्ट सीजन-4 का समापन:यूपी दर्शन पार्क में तीन दिन चला महोत्सव; नृत्य, चित्रकला और अंत्याक्षरी प्रतियोगिताएं हुईं
बंगाली वेलफेयर सोसाइटी-बंगाली अड्डा की ओर से गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में चल रहे तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव बोंग फेस्ट सीजन-4 का रविवार को भव्य समापन हो गया। बंगाली संस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सामुदायिक एकता के रंगों से सजे महोत्सव में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। महोत्सव के अंतिम दिन 5 से 10 वर्ष और 11 से 18 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने नृत्य प्रतियोगिता के अंतिम चरण में शानदार प्रस्तुतियां दीं। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों और युवा कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। अंताक्षरी प्रतियोगिता में लखनऊ के छह क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। आलमबाग और गोमती नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों की टीमों के बीच संगीतमय मुकाबला हुआ। इससे मनोरंजन के साथ शहर के लोगों के बीच मेलजोल और एकता को भी बढ़ावा मिला। अनन्या सरकार की गायकी ने मंत्रमुग्ध किया शाम को स्थानीय कलाकारों की संगीतमय प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत कर दिया। इसके बाद कोलकाता की गायिका और सा रे गा मा 2025 की प्रतिभागी अनन्या सरकार की लाइव प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी गायकी शाम का मुख्य आकर्षण रही। तीन दिवसीय महोत्सव का समापन भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ। बोंग फेस्ट ने संगीत, साहित्य, कला, नृत्य और फैशन के जरिए विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाने का संदेश दिया। संगठन बोला- सभी के सहयोग से सफल हुआ आयोजन बंगाली वेलफेयर सोसाइटी-बंगाली अड्डा के महासचिव प्रतीक सिन्हा ने अतिथियों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों, कलाकारों, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोंग फेस्ट किसी एक संस्था या कुछ लोगों का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे समुदाय का उत्सव है। समापन समारोह में आईएएस पार्थ सारथी सेन शर्मा, लीना जौहरी, उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक गांगुली शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User