उत्तराखंड महोत्सव में लोकनृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां:लखनऊ में छोलिया, झोड़ा, छपेली के साथ जैविक उत्पादों और हस्तशिल्प के स्टॉल लगे
लखनऊ के गोमती तट स्थित भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में चल रहे उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंग बिखर रहे हैं। सातवें दिन छोलिया, झोड़ा और छपेली नृत्य के साथ लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। परिसर में उत्तराखण्ड के जैविक उत्पाद, मोटे अनाज, पारंपरिक खाद्य सामग्री, पहाड़ी आभूषण, पिछौड़े और हस्तशिल्प के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि संस्कृति निदेशालय की उपनिदेशक हिमानी रावत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन लोक कलाकारों को मंच देने के साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। महोत्सव में डॉ. करुणा पांडेय को शिवानी (गौरा पंत) स्मृति सम्मान, जगत सिंह धपोला को केशव अनुरागी स्मृति सम्मान और टीएस मनराल को वंशीधर पाठक जिज्ञासू स्मृति सम्मान से नवाजा गया। झोड़ा, छपेली और जागर ने बांधा समां मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने लोकगीत, पहाड़ी नृत्य और छोलिया प्रस्तुत किया। महिला और पुरुष झोड़ा प्रतियोगिता में बजरंग नगर, सुगामऊ, ब्रह्म कमल, इंदिरा नगर विस्तार और तकरोही के दलों ने भाग लिया। भगवती दानपुरिया ने गंगनाथ भगवान के भक्तिमय जागर सुनाकर दर्शकों को भावविभोर किया। नाचेगा भारत सीजन-3, डांस उत्तराखण्ड डांस सीजन-5 और वॉयस ऑफ उत्तराखण्ड के दूसरे राउंड में पहुंचे प्रतिभागियों ने भी प्रस्तुतियां दीं। नींबू सानण प्रतियोगिता में सुनीता कनवाल प्रथम उत्तराखण्ड की पारंपरिक चटपटी चाट नींबू सानण प्रतियोगिता में 16 महिलाओं ने हिस्सा लिया। सुनीता कनवाल प्रथम, पुष्पा राणा द्वितीय, तनु सनवाल तृतीय और सरोज खुल्बे चौथे स्थान पर रहीं। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वहीं दंत चिकित्सक डॉ. पूजा सनवाल ने निशुल्क शिविर में लोगों को परामर्श और दवाएं वितरित कीं। महोत्सव में उत्तराखण्ड के आराध्य देव बाला गोरिया फिल्म का प्रमोशन भी किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)