बरेली में 30 अक्टूबर को माध्यमिक स्कूल रहेंगे बंद:पीईटी परीक्षा के चलते डीआईओएस ने जारी किया आदेश
उत्तर प्रदेश में होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के चलते बरेली में 30 अक्टूबर 2026 को सभी माध्यमिक स्कूल बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अजीत कुमार ने एक दिन के शैक्षणिक अवकाश का आदेश जारी किया है।
शासन और शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), लखनऊ के निर्देश पर यह छुट्टी घोषित की गई है। आदेश के मुताबिक, शासन का पत्र 1 अक्टूबर 2026 और शिक्षा निदेशक का पत्र 16 अक्टूबर 2026 को जारी हुआ था।
PET-2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर, साथ ही 1 नवंबर 2026 को होनी है। परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए 30 अक्टूबर को शैक्षणिक अवकाश रखा गया है।
परीक्षा में तैनात शिक्षक और कर्मचारी छुट्टी के दिन भी अपनी तय ड्यूटी करेंगे। उन्हें परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहना होगा।
डीआईओएस कार्यालय ने आदेश की प्रतियां उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव, बरेली के जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नगर), शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भेजी हैं।
यह आदेश बरेली के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्त विहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों पर लागू होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)