मुरादाबाद मंडल में रेलवे पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत:1 नवंबर से शुरू होगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान, लगेंगे विशेष शिविर
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आगामी 1 से 30 नवंबर, 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (DLC) अभियान-5 का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) महेश यादव ने जानकारी दी है कि इस अभियान के तहत मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों और कार्यालय परिसरों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पेंशनधारकों को डिजिटल रूप से जीवन प्रमाणपत्र तैयार करने और उसे जमा करने के लिए पूरी तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। शिविरों का पूरा शेड्यूल: 30 अक्टूबर 2026: रेलवे स्टेशन, मुरादाबाद 04 नवंबर 2026: रेलवे स्टेशन, नजीबाबाद 05 नवंबर 2026: मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय, मुरादाबाद (मनन सभागार) 13 नवंबर 2026: रेलवे स्टेशन, बरेली 18 नवंबर 2026: रेलवे स्टेशन, हरिद्वार 20 नवंबर 2026: रेलवे स्टेशन, चन्दौसी 26 नवंबर 2026: रेलवे स्टेशन, हापुड़ घर बैठे मोबाइल से भी जमा कर सकेंगे प्रमाणपत्र
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि पेंशनभोगी इस सुविधा के तहत आधुनिक 'फेस ऑथेंटिकेशन' (Face Authentication) तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके माध्यम से वे अपने एंड्रॉइड या आईओएस (iPhone) मोबाइल फोन से भी घर बैठे बेहद सरल और सुविधाजनक तरीके से अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल ने सभी संबंधित रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे इन विशेष शिविरों या मोबाइल तकनीक का लाभ उठाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना जीवन प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)