बरेली पुलिस ने अक्टूबर में 374 मोबाइल लौटाए:23 थानों की साइबर टीमों को सम्मान; बहेड़ी ने 35 फोन खोजे
बरेली पुलिस ने अक्टूबर में गुम या चोरी हुए 374 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए। इनकी कीमत करीब 75 लाख रुपये है। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक पुलिस कुल 3,880 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत 7.76 करोड़ रुपये से अधिक है।
जिले की साइबर टीमों और सर्विलांस सेल ने मोबाइल फोन खोजने के लिए भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल का इस्तेमाल किया। टीमों ने फोन के IMEI नंबर से उनकी लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़े तकनीकी इनपुट जुटाए। इसके बाद फोन बरामद किए गए।
अक्टूबर में बहेड़ी थाना सबसे आगे रहा। वहां की साइबर टीम ने 35 मोबाइल फोन बरामद किए। बिथरी चैनपुर की टीम ने 27, कोतवाली और इज्जतनगर ने 26-26, सुभाषनगर ने 22, बारादरी ने 21 और फरीदपुर ने 20 फोन खोजे। कैंट और जनपदीय सर्विलांस सेल ने 15-15 मोबाइल फोन बरामद किए।
अक्टूबर में ट्रेसेबिलिटी के आधार पर 100 प्रतिशत मोबाइल बरामदगी का लक्ष्य हासिल करने वाली 23 थानों की साइबर टीमों को सम्मानित किया गया। हर टीम को एक हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र दिया गया।
सम्मानित टीमों में बहेड़ी, बिथरी चैनपुर, कोतवाली, इज्जतनगर, बारादरी, कैंट, प्रेमनगर, विशारतगंज, देवरनियां, फतेहगंज पश्चिमी, शेरगढ़, किला, मीरगंज, भोजीपुरा, आंवला, भमोरा, अलीगंज, सिरौली, फतेहगंज पूर्वी, शीशगढ़, सीबीगंज, शाही और क्योलड़िया शामिल हैं।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि मोबाइल फोन खोजने का अभियान तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल की मदद से आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य गुम या चोरी हुए फोन उनके मालिकों तक पहुंचाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)