सहारनपुर में 16 नवंबर से ऑनलाइन जनगणना शुरू:30 नवंबर तक परिवार की जानकारी भर सकेंगे; 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाएंगे

Nov 04, 2026 - 16:29
0
सहारनपुर में 16 नवंबर से ऑनलाइन जनगणना शुरू:30 नवंबर तक परिवार की जानकारी भर सकेंगे; 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाएंगे
सहारनपुर में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोग 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। स्वगणना के लिए https://se.census.gov.in पोर्टल पर सुविधा मिलेगी। प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घरों पर पहुंचेंगे। 5 से 9 जनवरी तक जानकारी की जांच होगी। बुधवार दोपहर 1 बजे मंडलायुक्त एवं मंडल जनगणना अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने मीडिया को कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहली बार जनगणना डिजिटल तरीके से होगी। सहारनपुर मंडल में 15,152 और जिले में 6,889 प्रगणक एवं सुपरवाइजर लगाए जाएंगे। जनगणना में हर व्यक्ति की गिनती की जाएगी। डॉ. कुमार ने बताया कि स्वगणना की सुविधा भी पहली बार दी जा रही है। ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के बाद मिलने वाली एसई आईडी सुरक्षित रखनी होगी। प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी देनी होगी, ताकि दर्ज जानकारी की जांच हो सके। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, उनकी गिनती प्रगणक घर जाकर करेंगे। स्वगणना करना जरूरी नहीं है। जनगणना में परिवार के हर सदस्य से जुड़े 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार और आजीविका से जुड़े सवाल शामिल हैं। प्रवासन, दिव्यांगता, महिलाओं से जुड़ी जनसांख्यिकीय जानकारी और बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच के बारे में भी पूछा जाएगा। डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि लोगों की निजी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत इसे कानूनी सुरक्षा मिली है। उन्होंने लोगों से सही जानकारी देने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी को बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम या यूपीआई पिन और ओटीपी न दें। जिले में जनगणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण के रूप में पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या की गिनती होगी। प्रेसवार्ता में नगर आयुक्त शिपू गिरि, एडीएम सलिल कुमार पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User