गभाना में अवैध खाद कारोबार का भंडाफोड़:अलीगढ़ में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, डीएपी-पोटाश के 67 बैग सील, एफआईआर
अवैध उर्वरक कारोबार के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गभाना में छापेमारी कर टीम ने डीएपी और पोटाश के 67 बैग बरामद किए। बिना वैध अनुमति कारोबार किए जाने पर पूरा स्टॉक सील कर दिया गया। गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। किराये के गोदाम में मिला खाद का स्टॉक जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने सोमवार को गुप्त सूचना पर मैसर्स बाबा मोहनराम फर्टिलाइजर्स, गभाना पर छापा मारा। जांच में संजय सिंह उर्फ संजू निवासी हीरापुर के किराये के गोदाम में मुनेश कुमार निवासी कोमला द्वारा कथित तौर पर अवैध उर्वरक कारोबार किए जाने का मामला सामने आया। दो स्थानों से 67 बैग बरामद गोदाम से आईपीएल कंपनी की डीएपी के 12 और पोटाश के 43 बैग मिले। इसके अलावा ग्राम कोमला में भी डीएपी के 12 बैग बरामद किए गए। इस तरह कुल 67 बैग मिले। उर्वरक के बिल और वैध विक्रय प्राधिकार पत्र मांगे जाने पर आरोपी इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। आपूर्तिकर्ता समेत दो पर एफआईआर पूछताछ में मुनेश ने उर्वरक की आपूर्ति बनी सिंह उर्फ बुद्धपाल निवासी सुमेरा, गभाना से होने की जानकारी दी। विभाग ने स्टॉक सील कर मुनेश की सुपुर्दगी में दे दिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 में एफआईआर दर्ज कराई गई है। चंडौस में भी हो चुकी है कार्रवाई जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, इससे पहले चंडौस में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। गभाना से लिए गए तीन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद उर्वरक की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। कालाबाजारी करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली खाद, अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अनधिकृत बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और छापेमारी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें खाद कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें और पॉस मशीन के जरिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उर्वरक प्राप्त करें। बिना पॉस मशीन बिक्री या कालाबाजारी की जानकारी तत्काल विभाग को दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)