बृजभूषण के पोता-पोती-नाती नेशनल शूटिंग में क्वालीफाई:भाजपा नेता देवेंद्र सिंह के बेटे का भी चयन, घर पहुंचने पर दादी केतकी सिंह ने आरती उतारी

Nov 16, 2026 - 10:03
0
बृजभूषण के पोता-पोती-नाती नेशनल शूटिंग में क्वालीफाई:भाजपा नेता देवेंद्र सिंह के बेटे का भी चयन, घर पहुंचने पर दादी केतकी सिंह ने आरती उतारी
गोंडा के कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह के परिवार के तीन बच्चों ने 69वीं इंडियन नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में भारतीय टीम के ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें सांसद की बेटी कामाक्षी सिंह, बेटे अमर्थ भूषण सिंह और भांजे अथर्व सिंह शामिल हैं। वहीं, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह उर्फ पप्पू सिंह के बेटे जय सिंह ने भी ट्रायल के लिए जगह बनाई है। ट्रायल के लिए चयनित होने के बाद कामाक्षी और अमर्थ सोमवार सुबह 9 बजे घर पहुंचे। यहां बृजभूषण शरण सिंह की पत्नी, पूर्व सांसद और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केतकी सिंह ने दोनों की आरती उतारकर स्वागत किया और आशीर्वाद दिया। दोनों ने दादी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कामाक्षी और अमर्थ बृजभूषण शरण सिंह के जिम पहुंचे। वहां जिम कर रहे बृजभूषण शरण सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। 12 नवंबर से शुरू हुई चैंपियनशिप 69वीं इंडियन नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन दिल्ली के करणी सिंह शूटिंग रेंज में किया जा रहा है। नेशनल राइफल एसोसिएशन की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 12 नवंबर से शुरू हुई है और 12 दिसंबर तक चलेगी। इसमें देशभर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम के ट्रायल के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। चयनित खिलाड़ी आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की तैयारी करेंगे। करण भूषण भी रह चुके हैं नेशनल शूटर सांसद करण भूषण सिंह खुद भी नेशनल शूटर रह चुके हैं। सांसद बनने से पहले वह कई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुके हैं। अब उनके परिवार की अगली पीढ़ी भी शूटिंग में अपनी पहचान बनाने के लिए मेहनत कर रही है। करण भूषण सिंह ने कहा, "मैं भी नेशनल शूटर हूं। हमारा बेटा, बेटी और भांजा भी इस खेल में आना चाहते हैं, इसलिए हमने उनका सहयोग किया। अब वे भारतीय टीम के ट्रायल के लिए चुने गए हैं। आगे वे नेशनल और इंटरनेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। यह हमारे लिए गर्व की बात है।" उन्होंने कहा कि भाजपा नेता देवेंद्र सिंह के बेटे ने भी क्वालीफाई किया है। माता-पिता को बच्चों की रुचि के अनुसार उन्हें हर संभव मदद देनी चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारे पिता ने हमेशा देश में कुश्ती को आगे बढ़ाया है। हमने भी कुश्ती में काफी कुछ किया है। अब हमारे बच्चे शूटिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, तो हम उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User