ब्रजरज उत्सव में ‘मेरे बांके बिहारी लाल’भजनों पर झूमे श्रोता:मथुरा में भजन क्लबिंग की अनूठी प्रस्तुति, आज ईशिता विश्वकर्मा देंगी प्रस्तुति
मथुरा के धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड पर चल रहे ब्रजरज उत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को रूट्स: नादात्म बैंड ने भजन क्लबिंग की अनूठी प्रस्तुति पेश की। बैंड ने भगवान श्रीकृष्ण, श्रीराम और भगवान शिव की स्तुति को नए संगीत अंदाज में प्रस्तुत कर ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत कर दिया। 'मेरे बांके बिहारी लाल, ना करियो इतना शृंगार, नजर तोय लग जाएगी' सहित लोकप्रिय भजनों की धुनों पर श्रोता झूम उठे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्सव की शुरुआत गणेश वंदना और हनुमान चालीसा से हुई। इसके बाद 'राधे अलबेली सरकार', 'राधिका गोरी से ब्रज की छोरी से', 'मेरे कान्हा ने बंसी बजाई' और 'मीठे रस से भरी रे राधा रानी लागे' जैसे भजनों ने माहौल भक्तिमय कर दिया। 'श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में', 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी', 'शिव तांडव', 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'अच्युतम केशवम', 'काली कमली वाला मेरा यार है' और 'ऐगिरी नंदिनी' की प्रस्तुतियों को भी सराहना मिली। इन कलाकारों ने किया गायन और संगत गायन कृष्णा शुक्ला, गौरव त्रिपाठी और सत्यराज मिश्रा ने किया। सार्थक रैकवार ने ड्रम, अमित हवेलिया ने बास गिटार, रितुल हजारिका ने लीड गिटार, हर्ष कुलपरिया ने बांसुरी, करण मूरजानी ने कीबोर्ड और अमन ने तबला व ढोलक पर संगत की। आयोजन की जिम्मेदारी आरव कान्हा शर्मा ने संभाली। राहिल शर्मा बैंड मैनेजर, अभिराज शर्मा समन्वयक और मांडवी राठौड़ कार्यक्रम की संचालक रहीं। शाम होते ही गुलजार हो उठता है रेलवे ग्राउंड ब्रजरज उत्सव में दिन ढलते ही मेले की रौनक बढ़ने लगती है। खानपान के स्टॉलों पर विभिन्न शहरों के व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। गोकुल ग्राम में सेल्फी लेने और यादगार पलों को कैमरे में कैद करने का उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चे और युवा झूलों का आनंद ले रहे हैं, वहीं खादी, स्वदेशी कपड़ों, हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुओं और घरेलू सामान के स्टॉलों पर खरीदारी के लिए भी भीड़ जुट रही है। बुधवार को ईशिता विश्वकर्मा की प्रस्तुति ब्रजरज उत्सव में बुधवार को दोपहर 2:30 बजे धर्मवीर सिंह (डॉक्टर ब्रदर्स) और 3:30 बजे शुभम चौधरी भजनों की प्रस्तुति देंगे। शाम 4:30 बजे रघुकुल डिवोशनल बैंड की ओर से भजन और लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम 6:30 बजे अतिथि कलाकार ईशिता विश्वकर्मा की प्रस्तुति होगी। सभी कार्यक्रम धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड, मथुरा में होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)