बरखेड़ा में हाईवे किनारे युवक का शव मिला:पीलीभीत में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका, शिनाख्त जारी
पीलीभीत में बरखेड़ा क्षेत्र के बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे किनारे रविवार सुबह करीब 9 बजे एक युवक का शव मिला। पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। करीब 28 साल का युवक लंबे समय से बरखेड़ा कस्बे और आसपास घूमता रहता था। स्थानीय लोग उसे अर्धविक्षिप्त बताते हैं। शनिवार रात वह गांव नवादा महेश के पास हाईवे पर पहुंचा था। आशंका है कि इसी दौरान किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह राहगीरों ने हाईवे किनारे युवक का शव देखा। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)