बस की टक्कर से 2 मासूम भाइयों की मौत:कानपुर में मौसी बोलीं- मैंने ही फोन कर बुलाया था, बहन को क्या मुंह दिखाउंगी

Nov 15, 2026 - 15:39
0
बस की टक्कर से 2 मासूम भाइयों की मौत:कानपुर में मौसी बोलीं- मैंने ही फोन कर बुलाया था, बहन को क्या मुंह दिखाउंगी
कानपुर के बिधनू में मौसी के घर घूमने जा रहे दो मासूम भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे पिता के साथ बाइक से फतेहपुर के जहानाबाद जा रहे थे। रास्ते में मझावन कस्बे के पास तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चार साल का आयुष और ढाई साल का पीयूष बस की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हैलट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंची बच्चों की मौसी किरण दोनों के शव देखकर बदहवास हो गईं। वह बार-बार एक ही बात कहती रहीं- अब अपनी बहन को क्या मुंह दिखाऊंगी। मैंने ही फोन करके बच्चों को कुछ दिन के लिए भेजने को कहा था। उन्हें क्या पता था कि मेरे पास आने से पहले ही दोनों हमेशा के लिए दुनिया छोड़ जाएंगे। ओवरटेक करने की जल्दबाजी में बाइक को मारी टक्कर बिधनू थाना क्षेत्र के भारू गांव निवासी अमर बहादुर निषाद किसान हैं। वह शनिवार को अपने दो बेटों आयुष (4) और पीयूष (2.5) को बाइक से लेकर फतेहपुर के जहानाबाद स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। जहानाबाद रोड पर मझावन कस्बे की शुरुआत में कैनरा बैंक के सामने पहुंचे, तभी साढ़ की तरफ से सवारियां लेकर आ रही तेज रफ्तार निजी बस के चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर आगे बैठे पीयूष उछलकर बस के अगले शीशे से जा टकराया। हादसे के बाद चालक घबरा गया और बस की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भागने लगा। इस दौरान पीछे बैठे आयुष को बस करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर राहगीरों ने शोर मचाते हुए बस का पीछा किया। रमईपुर के पास लोगों ने बस चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौसी बोलीं- मैंने ही फोन कर कहा था, बच्चों को कुछ दिन के लिए भेज दो पोस्टमार्टम हाउस में बच्चों के शव देखकर मौसी किरण का कलेजा फट पड़ा। वह दोनों मासूमों के शवों से लिपटकर रोती रहीं। बार-बार कहती रहीं कि अब अपनी बहन को क्या मुंह दिखाऊंगी। उन्होंने बताया कि कई बार फोन करके बहन से बच्चों को कुछ दिनों के लिए उनके पास भेजने को कहा था। बच्चे पिता के साथ घूमने आ रहे थे। उन्हें क्या पता था कि जिन बच्चों को कुछ दिन अपने पास रखने और प्यार करने की इच्छा थी, वे हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएंगे। मौसी का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पिता आईसीयू में, बेटों की मौत की खबर से अब भी अनजान हादसे में घायल अमर बहादुर की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें हैलट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिवार के लोगों के मुताबिक, उन्हें अभी तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि हादसे में उनके दोनों बेटों की मौत हो चुकी है। एक तरफ पिता जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ परिवार के सामने दोनों मासूमों के अंतिम संस्कार की पीड़ा है। एक साथ दो बच्चों की मौत से मां लक्ष्मी भी बेसुध हो गई हैं। नानी को सता रही थी नातियों को देखने की जिद परिजनों ने बताया कि अमर बहादुर की सास रामप्यारी जहानाबाद में रहती थीं। जून महीने में उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद से अमर बहादुर की पत्नी लक्ष्मी वहीं रहने लगी थीं। दीपावली के बाद नानी रामप्यारी अपने नातियों को देखने की जिद कर रही थीं। इसी सिलसिले में दो दिन पहले अमर बहादुर आयुष और पीयूष को लेकर भारू गांव आए थे। शनिवार को वह दोनों बच्चों को लेकर वापस जहानाबाद जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों की नानी रामप्यारी भी उनके कपड़ों से लिपटकर बिलखती रहीं। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया बिधनू थाना प्रभारी के मुताबिक, शनिवार को तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में दो बच्चों की मौत हुई है, जबकि उनके पिता घायल हुए हैं। भाग रहे बस चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था। परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर चालक को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User