बुजुर्ग की 15 डिसमिल जमीन फर्जी बैनामे से बेची:1979 में तीन भाइयों ने खरीदी थी, भाई और साले समेत 6 पर केस
देवरिया में 70 साल के बुजुर्ग की 15 डिसमिल जमीन फर्जी बैनामे के जरिए बेचने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने बुजुर्ग के भाई और साले समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीन भाइयों ने खरीदी थी 45 डिसमिल जमीन भलुअनी थाना क्षेत्र के पड़री गुरुराय निवासी कांग्रेस मिश्रा ने बुधवार देर शाम करीब 8 बजे शिकायत दर्ज कराई। उनके मुताबिक, उन्होंने अपने भाइयों राजेश और सुरेश के साथ 9 नवंबर 1979 को कौलापति से आराजी नंबर 375 की कुल 45 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इसमें तीनों भाइयों का एक-एक तिहाई हिस्सा था। इस तरह कांग्रेस मिश्रा के हिस्से में 15 डिसमिल जमीन आई थी। फर्जी बैनामा कर दो महिलाओं के नाम की जमीन कांग्रेस मिश्रा का आरोप है कि उनके भाई राजेश और उसके साले विश्वामित्र ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनका हिस्सा हड़पने की साजिश रची। आरोप है कि 1 जनवरी 2009 को उनके नाम से फर्जी बैनामा तैयार कराया गया और उनकी 15 डिसमिल जमीन तारा देवी और उर्मिला देवी के नाम कर दी गई। शिकायत में कहा गया है कि बैनामे पर कांग्रेस मिश्रा की फोटो, हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 1 जनवरी 2009 को उन्होंने जमीन का कोई बैनामा नहीं किया था। एसपी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस कांग्रेस मिश्रा ने पहले कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक अभिजीत और शंकर के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें राजेश मिश्रा पुत्र बब्बन मिश्रा निवासी पड़री गुरुराय, विश्वामित्र पुत्र पौहारी शरण निवासी बहोरवा, तारा देवी पत्नी बालकृष्ण सिंह, उर्मिला देवी पत्नी विनय कृष्ण सिंह, मंगल सिंह पुत्र अशोक सिंह निवासी भरौली बाजार और चंद्रभान पुत्र विंध्याचल गुप्ता निवासी रामगुलाम टोला, थाना सदर कोतवाली शामिल हैं। कोतवाल शशि भूषण राय ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)