केदारनाथ के गर्भगृह के कपाट बंद:मुख्य कपाट सुबह 8:30 बजे बंद होंगे; यमुनोत्री के 10:28 बजे होंगे बंद, 27.98 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड के दो प्रमुख धाम केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। केदारनाथ मंदिर में कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह 3 बजे से शुरू हुई। सुबह 4 बजे से समाधि पूजा हुई, जो संपन्न हो गई। इसके बाद सुबह 6 बजे गर्भगृह के द्वार बंद कर दिए गए। इस दौरान सेना के 15 जवानों ने बैंड की धुनों के साथ समारोह में हिस्सा लिया। सुबह करीब 8 बजे बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को सभा मंडप से बाहर लाया जाएगा। इसके बाद केदारनाथ मंदिर के मुख्य कपाट सुबह 8:30 बजे बंद किए जाएंगे। वहीं, उत्तरकाशी स्थित यमुनोत्री मंदिर के कपाट सुबह 10:28 बजे बंद होंगे। इसके साथ ही दोनों धामों की इस साल की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो जाएगा। इस साल दोनों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले साल के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। मंगलवार शाम तक जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, केदारनाथ में 19 लाख 13 हजार 815 और यमुनोत्री में 8 लाख 84 हजार 289 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यानी दोनों धामों में कुल 27 लाख 98 हजार 104 श्रद्धालु पहुंचे हैं। पिछले साल के मुकाबले केदारनाथ में करीब 1.45 लाख और यमुनोत्री में करीब 2.40 लाख अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कपाट बंद होने के बाद भी दोनों धामों में पूजा-अर्चना जारी रहेगी। बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली तीन दिन की यात्रा के बाद ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। वहीं, मां यमुना की उत्सव डोली सोमेश्वर देवता की अगुवाई में करीब 5 किलोमीटर दूर खरसाली स्थित खुशीमठ पहुंचेगी। अगले छह महीने तक श्रद्धालु इन्हीं शीतकालीन गद्दीस्थलों पर देवी-देवताओं के दर्शन कर सकेंगे। इनफोग्राफिक्स से दोनों धामों के बारे में जानिए…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)