सोनभद्र में सांड़ से बचने में बाइक अनियंत्रित,युवक की मौत:साथी घायल, शादी की बात करने ससुराल जा रहा था

Nov 11, 2026 - 22:37
0
सोनभद्र में सांड़ से बचने में बाइक अनियंत्रित,युवक की मौत:साथी घायल, शादी की बात करने ससुराल जा रहा था
सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगिनी और बनरदेवा के बीच बुधवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक के पीछे अचानक सांड़ के दौड़ पड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक चला रहे 21 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ससुराल जाते समय रास्ते में हुआ हादसा मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटारी गांव निवासी चंदन (21 वर्ष), पुत्र छोटेलाल, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे अपने गांव के साथी अशोक (22 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से बनरदेवा जा रहा था। चंदन का विवाह बनरदेवा में ही तय हुआ था और वह उसी सिलसिले में वहां जा रहा था। जैसे ही वे दोनों जोगिनी और बनरदेवा के बीच पहुंचे, तभी अचानक एक आवारा सांड़ उनकी बाइक के पीछे दौड़ पड़ा। सांड़ से बचने के फेर में चंदन ने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर बुरी तरह गिर पड़ी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर चंदन को रात करीब 8:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया। वहां तैनात डॉ. गौरव कुमार सिंह और डॉ. नदीम ने जांच के बाद चंदन को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल अशोक को परिजनों और ग्रामीणों द्वारा इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक चंदन दो भाइयों में बड़ा था। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। करमा थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और शव का पंचनामा भरकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User