हिंडाल्को का 1.63 करोड़ का माल लेकर ट्रक लापता:सोनभद्र से 34.874 टन माल बेंगलुरु जाना था; पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना

Nov 11, 2026 - 23:42
0
हिंडाल्को का 1.63 करोड़ का माल लेकर ट्रक लापता:सोनभद्र से 34.874 टन माल बेंगलुरु जाना था; पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना
सोनभद्र के रेनुकूट स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से 1.63 करोड़ रुपए से अधिक कीमत का माल लेकर बेंगलुरु के लिए निकला ट्रक लापता हो गया। ट्रक में 34 टन 874 किलोग्राम माल लदा था। निर्धारित समय पर वाहन गंतव्य तक नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर ट्रांसपोर्ट कंपनी ने पुलिस से शिकायत की। ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर पिपरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की छानबीन के लिए पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है। हिंडाल्को परिसर से 31 अक्तूबर को लोड हुआ था माल सूरत गुड्स ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर दुर्गेश कुमार चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 अक्तूबर 2026 को हिंडाल्को परिसर से वाहन (MH41BE9126 पर 34.874) टन माल लोड कराया गया था। इसकी कीमत 1,63,36,448.52 रुपये बताई गई है। माल बेंगलुरु पहुंचाया जाना था। ट्रांसपोर्ट कंपनी ने ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से ट्रक की व्यवस्था की थी। दादी की तबीयत खराब होने का दिया था हवाला आरोप है कि ट्रक रवाना होने के बाद चालक हिम्मत सिंह ने ब्रोकर को फोन कर अपनी दादी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। उसने औरंगाबाद के पास एक दिन रुकने की बात कही। बाद में मेडिकल समस्या का हवाला देकर घर पर रुकने और चार नवंबर को बेंगलुरु के लिए रवाना होने की सूचना दी गई। इसके बावजूद वाहन की लोकेशन स्पष्ट नहीं हो सकी। पुणे में मिली आखिरी लोकेशन, माल गायब होने की आशंका आठ नवंबर को वाहन के पंजीकृत स्वामी से संपर्क करने पर जीपीएस ट्रैकिंग रिपोर्ट मिली। इसमें दो से पांच नवंबर के बीच ट्रक की लोकेशन पुणे क्षेत्र में दिखाई गई थी। इसके बाद वाहन और माल का कोई सुराग नहीं मिला। आशंका जताई गई है कि इसी दौरान रास्ते में माल उतारकर गायब कर दिया गया। तहरीर में चालक के अलावा वाहन के पंजीकृत स्वामी और नोटरी के आधार पर वाहन खरीदने का दावा करने वाले अन्य लोगों की भूमिका पर भी संदेह जताया गया है। महाराष्ट्र भेजी गई पुलिस टीम पिपरी थाना प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम महाराष्ट्र भेजी गई है। पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले रेणुकूट और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से माल लेकर निकलने वाले ट्रकों के रास्ते से गायब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अलग-अलग समय पर माल लदे कई ट्रकों के लापता होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कुछ मामलों का पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने खुलासा किया, जबकि कुछ अब तक अनसुलझे हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और औद्योगिक इकाइयों की चिंता बढ़ गई है। करोड़ों रुपए के माल की आवाजाही के बावजूद वाहनों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर पुराने मामलों की जांच और माल लदे वाहनों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User