भारत ने वीजा सिस्टम बदला, अब सिर्फ 9 कैटेगरी:फॉर्म भरना आसान हुआ, टूरिस्ट की जगह विजिटर वीजा मिलेगा; साल के आखिर तक लागू होगी

Nov 11, 2026 - 21:50
0
भारत ने वीजा सिस्टम बदला, अब सिर्फ 9 कैटेगरी:फॉर्म भरना आसान हुआ, टूरिस्ट की जगह विजिटर वीजा मिलेगा; साल के आखिर तक लागू होगी
गृह मंत्रालय ने भारतीय वीजा सिस्टम बदल दिया है। बुधवार को मंत्रालय ने जानकारी दी कि अब मुख्य वीजा कैटेगरी 13 से घटाकर 9 और सब-कैटेगरी 49 से घटाकर 23 कर दी गई हैं। टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया गया है। विदेशी नागरिकों के लिए वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले कॉलम भी 65-70% कम किए गए हैं। इसका मकसद आवेदन प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, नया सिस्टम साल के आखिर तक लागू कर दिया जाएगा। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी मुख्य वीजा कैटेगरी 22 से घटाकर 13 की गई थीं। उस समय सब-कैटेगरी 63 से घटाकर 49 की गई थीं। आम आदमी के लिहाज से देखें तो इसका मतलब है कि अगर आप या फिर आपके रिश्तेदार विदेश में हैं, वे भारत आना चाहते हैं तब… ई-वीजा 172 देशों के नागरिकों के लिए फिलहाल ई-वीजा 13 सब कैटेगरी के तहत जारी किए जाते हैं। यह सुविधा 172 देशों के नागरिकों को मिलती है। पहले के टूरिस्ट वीजा का नाम अब विजिटर वीजा कर दिया गया है। विजिटर वीजा को दो सब-कैटेगरी में बांटा गया है। इन्हें V-1 और V-2 नाम दिया गया है। V-1 वीजा 30 दिन के लिए जारी होगा। इसमें कई बार एंट्री की परमिशन होगी। इसमें कारोबारी बैठक, मेडिकल परामर्श, वेलनेस रिट्रीट और कम अवधि का इलाज शामिल है। भारतीय भाषाओं, संगीत, कला और शिल्प के कम अवधि वाले कोर्स भी इसमें शामिल हैं। V-2 वीजा लंबे समय के लिए भारत की यात्राओं के लिए होगा। इसकी अवधि तय नियमों के अनुसार एक, पांच या 10 साल होगी। V-2 में V-1 के तहत आने वाली गतिविधियां और पर्वतारोहण शामिल हैं। पर्वतारोहण के लिए 6 महीने का मल्टीपल-एंट्री वीजा जारी होगा। मेडिकल वीजा में बदलाव मेडिकल वीजा सिस्टम में सामान्य चिकित्सा और AYUSH पद्धति से इलाज के लिए अलग प्रावधान रखे गए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इससे कई परामर्श, फॉलो-अप अपॉइंटमेंट या चरणों में होने वाले इलाज के दौरान मरीजों को ज्यादा सुविधा मिलेगी। मल्टीपल-एंट्री वीजा से इलाज के दौरान बार-बार आवेदन करने की जरूरत कम होगी। AYUSH के लिए अलग प्रावधान से आवेदक सही इलाज विकल्प चुन सकेंगे। अटेंडेंट वीजा मिलने से मरीजों के साथ आने वाले लोगों को भी सुविधा होगी। इससे भारत में मेडिकल वैल्यू टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। स्टूडेंट वीजा की दो कैटेगरी S-1 वीजा स्कूल, ग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट शिक्षा के लिए होगा। S-2 वीजा PhD और भारतीय विश्वविद्यालयों में शोध करने वाले छात्रों के लिए होगा। इसमें विजिटिंग फैकल्टी, शोध के लिए भारत आने वाले विदेशी रिसर्च स्टूडेंट, वैज्ञानिक और मानवशास्त्रीय अभियान, इंटर्नशिप और एक्सचेंज स्टूडेंट सहित अन्य तय शैक्षणिक गतिविधियां शामिल हैं। स्टडी इन इंडिया पोर्टल के जरिए भारतीय शिक्षण संस्थानों में दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों को e-S1 वीजा दिया जा सकता है। यह वीजा अधिकतम 5 साल, कोर्स खत्म होने तक जारी होगा। दोनों में से जो अवधि कम होगी, वही मान्य होगी। इसमें कई बार प्रवेश की अनुमति होगी। बिजनेस वीजा की नई कैटेगरी B-1 वीजा लंबे समय की लाइसेंस आधारित कारोबारी गतिविधियों के लिए होगा। इसमें भारत में औद्योगिक या कारोबारी संस्थान शुरू करने की कोशिश करने वाले विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। B-2 वीजा कम अवधि की कॉन्ट्रैक्ट आधारित कारोबारी गतिविधियों के लिए होगा। इसमें प्रोडक्शन इन्वेस्टमेंट बिजनेस, कॉन्फ्रेंस, खेल, परफॉर्मिंग आर्ट्स और फिल्में शामिल हैं। भारतीय कंपनियों से जुड़े विदेशी विषय विशेषज्ञों, इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। ये विशेषज्ञ इंस्टॉलेशन और कमीशनिंग, क्वालिटी चेक, जरूरी रखरखाव, प्रोडक्शन, IT और ERP रैंप-अप, ट्रेनिंग, सप्लाई-चेन डेवलपमेंट, प्लांट डिजाइन और शुरुआत जैसे काम कर सकेंगे। इसमें वरिष्ठ प्रबंधन और तकनीकी सहायता भी शामिल है। साथ ही, जानकारी, तकनीक और सेवाओं के हस्तांतरण से जुड़े काम भी इसमें आएंगे। ऐसे लोगों को B-2 श्रेणी के तहत ई-वीजा प्लेटफॉर्म से प्रोडक्शन इन्वेस्टमेंट बिजनेस वीजा दिया जा सकता है। पहले यह सुविधा e-B4 वीजा नाम से दी जाती थी। आवेदन फॉर्म में 65-70% कम जानकारी देनी होगी गृह मंत्रालय ने सभी 23 कैटेगरी के वीजा आवेदन फॉर्म को आसान बनाने की कवायद भी पूरी कर ली है। इनके लिए जरूरी कॉलम 65-70% कम कर दिए गए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इससे विदेशी नागरिकों से मांगी जाने वाली जानकारी काफी कम होगी। वीजा प्रक्रिया के लिए जरूरी जानकारी बरकरार रखी जाएगी। इससे आवेदन पूरा करने में लगने वाला समय और मेहनत कम होगी। जरूरी जानकारी पर ध्यान देने से जांच और वीजा प्रक्रिया भी ज्यादा प्रभावी होगी। इन बदलावों को लागू करने के लिए गृह मंत्रालय अपने IT सिस्टम अपडेट कर रहा है। संशोधित व्यवस्था के तहत वीजा इस साल के अंत तक जारी किए जाएंगे। नई व्यवस्था में 9 मुख्य श्रेणियां संशोधित व्यवस्था में नौ मुख्य श्रेणियां होंगी। इनमें बिजनेस, डिप्लोमैटिक, वर्क, जर्नलिस्ट, मेडिकल, ऑफिशियल, स्टूडेंट, विजिटर और मिसलेनियस वीजा शामिल हैं। मिसलेनियस वीजा में भारतीय मूल के लोग, उनके पति-पत्नी और बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा ऑरोविल फाउंडेशन जैसी तय संस्थाओं से जुड़ने वाले लोग, लंबे समय के वीजा पर भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के आश्रित और अफगान नागरिकों के स्टे वीजा भी इसमें शामिल हैं। पड़ोसी देशों के नागरिकों की कुछ श्रेणियों के लिए लंबे समय के वीजा भी इसी श्रेणी में होंगे। अन्य किसी वीजा श्रेणी में शामिल नहीं होने वाले उद्देश्य भी मिसलेनियस वीजा के तहत आएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User