ट्रेन में जहरखुरानी कर महिला के जेवर लूटने वाला गिरफ्तार:ढाई लाख के आभूषण बरामद, अलीगढ़ का संजय पकड़ा गया
मथुरा ट्रेन में यात्रियों को विश्वास में लेकर नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी करने वाले आरोपी को जीआरपी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सोने-पीली धातु की एक चेन, तीन अंगूठियां और नशीली दवा की तीन पुड़िया बरामद हुई हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार को स्टेशन पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धौली प्याऊ फाटक के पास से संजय (40) पुत्र हीरालाल निवासी गांव भरतरी, थाना गभाना, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक पीली धातु की चेन, दो पीली धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु की अंगूठी और नशीली दवा की तीन पुड़िया मिलीं। पानी और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर की चोरी पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यात्रियों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतता था और फिर पानी या चाय में नशीली दवा मिलाकर पिला देता था। करीब चार महीने पहले उसने मथुरा जंक्शन से ट्रेन में यात्रा कर रही एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया था। आरोपी ने पहले पानी में नशीली दवा मिलाकर महिला को पिलाई, लेकिन आगरा कैंट पहुंचने तक महिला बेहोश नहीं हुई। इसके बाद वह महिला को दूसरी ट्रेन से मध्य प्रदेश की ओर ले गया। आरोपी के मुताबिक, मुरैना स्टेशन पर उसने महिला को चाय में नशीली दवा मिलाकर पिलाई। ग्वालियर पहुंचने पर महिला बेहोश हो गई। इसके बाद वह महिला की चेन, तीन अंगूठियां, कानों के कुंडल, पांच हजार रुपये, मोबाइल,मूर्ति और कपड़ों का बैग लेकर उतर गया। कुंडल बेचकर मिले रुपये और नकदी उसने खाने-पीने में खर्च कर दी। कई आपराधिक मामलों में रहा है आरोपी पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मथुरा, अलीगढ़ और मुरादाबाद सहित विभिन्न जिलों में चोरी, धोखाधड़ी,नशीले पदार्थों,अवैध हथियार और हत्या जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं। जीआरपी मथुरा जंक्शन में भी उसके खिलाफ यात्री को नशीला पदार्थ देकर चोरी करने के मामले में मुकदमा दर्ज है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)