चार मूर्ति अंडरपास का मुख्य निर्माण पूरा:92 करोड़ की लागत से बना 6 लेन का अंडरपास, दिवाली से पहले शुरू करने का लक्ष्य
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक यानी चार मूर्ति पर करीब 92 करोड़ रुपए की लागत से बने अंडरपास का मुख्य निर्माण पूरा हो गया है। इसे दिवाली से पहले यातायात के लिए शुरू करने का लक्ष्य है।
करीब 700 मीटर लंबे और 6 लेन के अंडरपास में अब सड़क की मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, दीवारों की पेंटिंग और फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसके शुरू होने से गौर सिटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास की सोसायटियों के साथ ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
अंडरपास की दीवारों पर इंडिया गेट, कुतुब मीनार, भगवान बुद्ध और चंद्रयान की पेंटिंग बनाई गई हैं। जलभराव से बचाव को ध्यान में रखकर इसका निर्माण किया गया है।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के जीएम एके सिंह ने बताया कि अंडरपास को दिवाली पर शुरू करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन के लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
परियोजना की शुरुआत करीब 60 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से हुई थी। निर्माण और दूसरे जरूरी कामों के चलते लागत बढ़कर करीब 92 करोड़ रुपए हो गई। इसमें निर्माण के साथ यूटिलिटी सेवाओं को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम भी शामिल था।
अंडरपास के मुख्य हिस्से की लंबाई करीब 160 मीटर है, जबकि पूरी परियोजना करीब 730 मीटर क्षेत्र में फैली है।
अंडरपास का निर्माण जुलाई 2024 में शुरू किया गया था। शुरुआती योजना के मुताबिक इसे लगभग 18 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण के दौरान कई चुनौतियों के चलते काम प्रभावित हुआ। वायु प्रदूषण के कारण लागू ग्रेप प्रतिबंध, बारिश, यूटिलिटी सेवाओं की शिफ्टिंग और रैंप से जुड़े कार्यों में समय लगने से परियोजना निर्धारित समयसीमा से आगे बढ़ गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)