कार के पहिए में फंसी स्कूटी आधा किलोमीटर घिसटी:नवादा के पास कई लोगों को टक्कर लगी;अस्पताल में चल रहा इलाज
मथुरा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक हैरान कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया। थाना हाईवे क्षेत्र के नवादा के समीप तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। इसी दौरान एक स्कूटी कार के अगले पहिए में फंस गई। आरोप है कि कार चालक ने स्कूटी को निकालने या वाहन रोकने के बजाय उसे आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक सड़क पर घसीटता रहा। इस खौफनाक मंजर को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नवादा के समीप कार सवार ने अचानक कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान एक स्कूटी कार के अगले पहिए में फंस गई। इसके बावजूद कार चालक वाहन को रोकने के बजाय आगे बढ़ता रहा। स्कूटी कार के पहिए में फंसी होने के कारण सड़क पर घिसटती रही। इस दौरान स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर इस तरह स्कूटी को घसीटते देखकर राहगीर भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि थाना रिफाइनरी की बाद चौकी क्षेत्र में उपाध्याय पेट्रोल पंप के समीप स्थानीय लोगों ने कार सवार को घेरकर रोक लिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने कार चालक को रोकने के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। घटना के बाद कार और उसमें फंसी स्कूटी को देखने के लिए लोगों का जमावड़ा लग गया। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर स्कूटी कार के पहिए में फंसने के बावजूद चालक आधा किलोमीटर तक वाहन कैसे चलाता रहा? क्या उसे स्कूटी फंसने का अहसास नहीं हुआ या फिर उसने जानबूझकर वाहन नहीं रोका? हादसे में कितने लोग घायल हुए और कार चालक की लापरवाही के पीछे क्या वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बालाजीपुरम चौकी प्रभारी मांगेराम ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है दोनों ही वाहनों को थाने पर खड़ा कर लिया गया है घायलों का उपचार चल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)