चाय पीने जा रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौत:कल्याणपुर में सड़क पार करते समय हादसा, चालक ट्रक लेकर फरार
कानपुर के कल्याणपुर में रविवार तड़के चाय पीने के लिए घर से निकले युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखकर बदहवास हो गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आया कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अशोक नगर में रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाले राजकुमार प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका भतीजा शिवम (31) हलवाई का काम करता था। शिवम के पिता की काफी समय पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। परिवार में मां संगीता और तीन बहनें ममता, जयदेवी व मुस्कान हैं। राजकुमार के मुताबिक, रविवार सुबह करीब पांच बजे शिवम घर से बिठूर रोड स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने के लिए निकला था। दुकान पर जाने के लिए वह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से शिवम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। सड़क पर घायल भतीजे को देखकर बदहवास हुए परिजन हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो शिवम को सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को उपचार के लिए हैलट अस्पताल ले गई। वहां कुछ देर उपचार चलने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां संगीता और तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि सुबह चाय पीने के लिए घर से निकला शिवम अब कभी वापस नहीं लौटेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक चालक की तलाश कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)