चेन स्नैचिंग के दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:फिरोजाबाद में चेन खींचकर भाग रहे 2 का हाफ एनकाउंटर, नकदी और एक्टिवा बरामद
फिरोजाबाद के टूंडला में महिला से चेन स्नैचिंग करने वाले दो आपरोपियों को मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, 21,500 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को टूंडला कस्बे के श्मशान घाट रोड पर महेश चंद्र के मकान के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला की चेन झपट ली थी। इसके बाद फरार हो गए थे। मामले में थाना टूंडला में मुकदमा संख्या 518/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) में केस दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। गेल गैस प्लांट के पास पुलिस ने घेरा पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो आरोपी बेदी की पुलिया से राजा का ताल होते हुए टूंडला की तरफ आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने पुराने बाईपास रोड स्थित गेल गैस प्लांट के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे स्कूटी मोड़कर भागने लगे। जल्दबाजी में उनकी स्कूटी फिसलकर सड़क पर गिर गई। पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देखकर दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के जगनेर रोड नरीपुरा निवासी दीपक पुत्र श्याम प्रजापति और भीम नगर हरीपुरा गली नंबर एक निवासी आसिफ पुत्र साबिर के रूप में हुई है। चेन बेचकर मिले रुपयों में से 21,500 बरामद पुलिस ने दीपक के कब्जे से 11 हजार रुपए नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं आसिफ के पास से 10,500 रुपए नकद, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी मिली है। पुलिस के मुताबिक, बरामद 21,500 रुपए महिला से छीनी गई चेन बेचने के बाद मिली रकम का बचा हुआ हिस्सा है। दीपक पर नौ और आसिफ पर तीन मुकदमे दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दीपक के खिलाफ आगरा के किरावली, अछनेरा, एत्माद्दौला और जगदीशपुरा के अलावा टूंडला थाने में लूट, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आसिफ के खिलाफ टूंडला और आगरा के शाहगंज थाने में आर्म्स एक्ट और लूट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। यह कार्रवाई एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और सीओ टूंडला के नेतृत्व में की गई। अभियान में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, सर्विलांस सेल और टूंडला थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)