छठ पर्व को लेकर नगर निगम ने तेज की तैयारी:आधा दर्जन नोडल अधिकारी तैनात, रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाएंगे यमुना घाट

Nov 13, 2026 - 19:12
0
छठ पर्व को लेकर नगर निगम ने तेज की तैयारी:आधा दर्जन नोडल अधिकारी तैनात, रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाएंगे यमुना घाट
आगरा में छठ पूजा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 नवंबर को होने वाले छठ पर्व पर यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जा रही हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं तैयारियों की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। वहीं, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को व्यवस्थाओं का ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है। नगर निगम की ओर से दशहरा घाट, सीताराम घाट, यमुना आरती स्थल, पार्वती घाट बल्केश्वर और धोबीघाट दयालबाग सहित प्रमुख घाटों पर विशेष तैयारियां कराई जा रही हैं। घाटों पर रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी चेंजिंग रूम भी तैयार कराए जा रहे हैं। घाटवार नोडल अधिकारियों की तैनाती नगर निगम ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी है। दशहरा घाट की जिम्मेदारी राजीव बालियान, प्रभारी जेडएसओ (ताजगंज) को दी गई है। सीताराम घाट पर रामजी भइया, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यमुना आरती स्थल घाट की जिम्मेदारी आशुतोष वर्मा, प्रभारी जेडएसओ (छत्ता) को सौंपी गई है। पार्वती घाट बल्केश्वर पर जितेंद्र सिंह, जेडएसओ (हरीपर्वत) व्यवस्था संभालेंगे। वहीं, धोबीघाट, राधा बल्लभ इंटर कॉलेज के पास दयालबाग की जिम्मेदारी रमेश चंद सैनी, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को दी गई है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ ही यमुना में गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कराई जा रही है। पीए एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं दी जा सकें। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे घाट छठ पर्व पर यमुना के घाटों को रंग-बिरंगी झालरों और फसाड लाइटों से सजाया जा रहा है। जिन स्थानों पर स्थायी प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, वहां अस्थायी फ्लड लाइटें भी लगवाई जा रही हैं। इससे सूर्यास्त और सूर्योदय के समय पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त रोशनी मिल सकेगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। वह स्वयं रात में मौके पर रहकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। छठ से पहले सीताराम घाट, हाथी घाट, बल्केश्वर घाट, दशहरा घाट और दयालबाग क्षेत्र में लाइटिंग का काम पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूजा संपन्न होने तक घाटों पर उच्चस्तरीय सफाई व्यवस्था बनाए रखें और सभी तैयारियां समय पर पूरी कराएं। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User