चित्रकूट दीपावली मेले में उमड़ेगी 50 लाख श्रद्धालुओं की भीड़:छह दिन भारी वाहनों पर रोक, सुरक्षा में तैनात पुलिस बल
चित्रकूट के दीपावली मेले में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के इंतजाम किए हैं। चित्रकूट में छह दिन भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पांच दिन का मेला धनतेरस से शुरू होकर गोवर्धन पूजा तक चलेगा। सुरक्षा के लिए चित्रकूट को 8 जोन और 22 सेक्टरों में बांटा गया है। पुलिस बल के साथ पीएसी की कंपनियां तैनात रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी तैयार रहेगी। प्रशासन का कहना है कि दर्शन, दीपदान और परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। मेले के लिए धर्मनगरी में टेंट लगाए गए हैं। बुंदेलखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए 10 जगह सांस्कृतिक मंच तैयार किए जा रहे हैं। यहां बुंदेली कलाकार लोकगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। भगवान कामतानाथ की पंचकोसी परिक्रमा चित्रकूट में दीपावली मेले का धार्मिक महत्व है। देशभर से श्रद्धालु मंदाकिनी नदी में स्नान करते हैं। इसके बाद रामघाट पर दीपदान और भगवान कामतानाथ की पंचकोसी परिक्रमा करते हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ सबसे ज्यादा समय चित्रकूट में बिताया था। कामदगिरि महाआरती के संत विपिन विराट महाराज ने बताया कि भगवान श्रीराम से जुड़ी मान्यताओं के कारण दीपावली पर चित्रकूट में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। डीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि मेले की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सभी विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)