संतकबीरनगर में घर के अंदर फंदे से लटका मिला शव:10 दिन पहले पत्नी मायके गई थी, घर में अकेले ही रह रहा था
संतकबीरनगर के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के सिकरी गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। अकेले रहता था युवक पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे फोन पर सूचना मिली कि एक युवक घर में फंदे से लटका हुआ है। थानाध्यक्ष मनीष जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान 33 साल के दीपक पुत्र जोगी के रूप में हुई। वह गांव में सीमेंट शेड वाले मकान में अकेला रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक, दीपक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार के बाकी सदस्य अलग-अलग रहते थे। दीपक मेहनत-मजदूरी करके अपना और अपने परिवार का खर्च चलाता था। दो बेटियों को छोड़ गया दीपक ग्रामीणों ने बताया कि करीब आठ साल पहले दीपक की पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पहली पत्नी से उसकी एक बेटी है। इसके बाद वह बिहार की रहने वाली मधु को अपने साथ लाया था। दोनों की दो बेटियां सौम्या (5) और सृष्टि (2) हैं। बताया जाता है कि करीब 10 दिन पहले मधु अपने मायके बिहार चली गई थी। दीपक भी उससे मिलने बिहार गया था, लेकिन दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह लौटकर अपनी बहन के घर गया और सोमवार को सिकरी स्थित अपने मकान पर वापस आया। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार रात दीपक ने खुद खाना बनाया और खाने के बाद सो गया। बुधवार सुबह उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में मातम छा गया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की जानकारी पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाए। थानाध्यक्ष मनीष जायसवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)