चंदौली में 30 अक्टूबर को तेज हवा-बारिश का अलर्ट:सुरक्षा एडवाइजरी जारी; आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव, मदद के लिए नंबर जारी
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 30 अक्टूबर को जिले में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में कंट्रोल रूम को 24 घंटे सातों दिन सक्रिय कर दिया गया है। यहां अलग-अलग पारियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्राप्त कर राहत और बचाव कार्य शुरू करना है। सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि चक्रवाती मौसम के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और नगर निकाय समेत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने मुख्यालयों पर अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आवश्यक संसाधनों और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। तेज हवा और बारिश में सावधानी बरतें जिलाधिकारी ने जिले के लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तेज हवा और बारिश के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों से दूर रहें। किसी भी दुर्घटना, जलभराव या अन्य आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क आपातकालीन सहायता के लिए जिला प्रशासन ने टोल फ्री नंबर 1077 और 262100 जारी किए हैं। नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर मदद प्राप्त कर सकते हैं। डीएम ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)