देश में अराजकता और हिंसा की साजिश रच रहे राहुल:भूपेंद्र चौधरी बोले- मुस्लिम वोट बैंक के लालच में सपा और कांग्रेस ने संविधान की मर्यादा तार-तार की

Nov 14, 2026 - 16:43
0
देश में अराजकता और हिंसा की साजिश रच रहे राहुल:भूपेंद्र चौधरी बोले- मुस्लिम वोट बैंक के लालच में सपा और कांग्रेस ने संविधान की मर्यादा तार-तार की
यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्ष की राजनीति पर तीखा प्रहार किया। फोन टैपिंग, मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और आगामी चुनावों में तीसरे मोर्चे की हलचल जैसे तमाम ज्वलंत मुद्दों पर उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। मंत्री ने राहुल गांधी पर नेतृत्व की नाकामी छिपाने के लिए देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया, तो वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के नाम पर संविधान की मर्यादा तार-तार करने वाला करार दिया। नेतृत्व की नाकामी छिपाने को भ्रम फैला रहे राहुल राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर लगाए गए फोन टैपिंग के आरोपों पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में लगभग मृतप्राय हो चुकी है। लोकसभा में कांग्रेस ने जो कुछ सीटें जीती हैं, वे अपने सहयोगी दलों के कंधे पर सवार होकर जीती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी एक नकारात्मक एजेंडा चला रहे हैं- उनका काम समाज में भ्रम फैलाना, लोगों में अविश्वास पैदा करना, देश में अराजकता और हिंसा की साजिश रचना तथा समाज को बांटना है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की मूल समस्या उनके नेतृत्व की नाकामी है और इसी नाकामी को छिपाने के लिए राहुल गांधी इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, जिसे देश और प्रदेश की जनता भली-भांति समझ चुकी है। यूपी में 36 वर्षों से मुख्य विपक्ष भी नहीं रही कांग्रेस इंडी (INDI) गठबंधन की चुनौती को खारिज करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का आशीर्वाद और विश्वास ही सभी राजनीतिक दलों को ताकत देता है। पिछले 12 वर्षों से केंद्र में और लगभग साढ़े 9 वर्षों से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिस उत्तर प्रदेश की चर्चा राहुल गांधी कर रहे हैं, वहां 1989 तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन उसके बाद पिछले 36-37 वर्षों में एकाध चुनाव को छोड़ दें तो कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में भी नहीं रही। पिछले विधानसभा चुनाव में तो कांग्रेस का प्रदर्शन अपने सबसे निचले स्तर पर रहा है। इसी हकीकत से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। हर पात्र मतदाता का नाम जुड़वाना भाजपा का लक्ष्य मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) में करोड़ों वोट कटने की चर्चाओं पर भूपेंद्र चौधरी ने स्पष्ट किया कि यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे भारत निर्वाचन आयोग संपादित करता है। भारत निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जो प्रतिवर्ष मतदाता सूची पुनरीक्षण का अभियान चलाती है और इस वर्ष विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया है। एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के नाते भाजपा का प्रयास है कि हर पात्र मतदाता सूची का हिस्सा बने और अपात्र मतदाता सूची से बाहर हों। उन्होंने कहा कि जो पात्र लोग छूट गए हैं, उनके फॉर्म-6 भरवाकर इस अभियान को पूरा किया जाएगा। मुस्लिम वोट बैंक के लालच में संविधान की मर्यादा तार-तार अखिलेश यादव द्वारा अन्य राज्यों के वोट जोड़ने के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जिस तरह से एसआईआर, संवैधानिक संस्थाओं और ईवीएम (EVM) को लेकर भ्रम फैलाते हैं, वह जगजाहिर है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि ये दल प्रारंभ से ही मुस्लिम वोट बैंक के लालच में इतने अंधे हो गए हैं कि इन्होंने देश के संविधान की मर्यादा भी तार-तार कर दी है। चौधरी ने कहा कि विपक्षी दल जब चुनाव जीतते हैं तो संस्थाओं पर कोई चर्चा नहीं करते, लेकिन हारने पर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न खड़ा करते हैं। भाजपा अपने कामकाज का लेखा-जोखा और रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच है, जबकि विपक्षी गठबंधन भ्रम फैलाकर अपना राजनीतिक एजेंडा सिद्ध करना चाहता है। सीजनल नेताओं के लिए यूपी की राजनीति में जगह नहीं प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के तीसरे मोर्चे पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी विचारधारा के आधार पर जनता के बीच जाने का अधिकार है। ओवैसी और चंद्रशेखर समाज के बड़े तबके का प्रतिनिधित्व करते हैं और उन्होंने गठबंधन बनाया है। लेकिन उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये सब 'सीजनल' लोग हैं। चुनाव के समय इस तरह के गठबंधन बनते और बिगड़ते रहते हैं। प्रदेश और देश की जनता सब जानती है- स्वार्थ और सीजनल राजनीति करने वाले लोगों का उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब कोई स्थान नहीं है। बरेली में केवल अपात्र लोगों के ही कटेंगे नाम बरेली शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक वोट कटने के मामले पर मंत्री ने दोहराया कि यह पूरी तरह से एक संवैधानिक प्रक्रिया है। इस संवैधानिक प्रक्रिया के तहत जो भी अपात्र लोग हैं, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे और जो पात्र लोग हैं, उनके नाम जोड़े जाएंगे। भाजपा इस पूरी संवैधानिक व्यवस्था और प्रक्रिया के साथ मजबूती से खड़ी है। आगामी चुनाव की रणनीति में जुटा संगठन पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार हो रही बैठकों को लेकर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता-आधारित संगठन है। संगठन की मजबूती के लिए अलग-अलग श्रेणियों में कार्यकर्ताओं की बैठकें की जा रही हैं। भविष्य के चुनावों की रणनीति के हिसाब से क्या-क्या काम करने हैं, इस पर सभी मिलकर चर्चा कर रहे हैं। यही संगठन की ताकत है और कार्यकर्ताओं के प्रयास से सरकार के कामों का लेखा-जोखा और एजेंडा लेकर जनता के बीच जाने की कार्ययोजना व रूपरेखा तैयार की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User