सरकारी अस्पतालों में सप्लाई हुई घटिया दवा:औषधि विभाग की जांच में फेल हुए सैंपल, 4,880 इंजेक्शन लौटाए
सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए सप्लाई किए गए प्रोमेथाजिन इंजेक्शन गुणवत्ता की जांच में फेल हो गए। औषधि विभाग की तीन लैबों में हुई जांच में इंजेक्शन में दवा की मात्रा तय मानक से कम मिली। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन इंजेक्शनों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी और स्टॉक में बचे 4,880 इंजेक्शन उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लायर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमएससीएल) को वापस कर दिए। दरअसल, सरकारी अस्पतालों में सप्लाई होने वाली दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए औषधि विभाग की टीम ने पिछले महीने स्वास्थ्य विभाग के सेंट्रल वेयरहाउस से प्रोमेथाजिन इंजेक्शन के नमूने लिए थे। वेयरहाउस में इन इंजेक्शनों की करीब 5 हजार वायल आई थीं। इनमें से 120 इंजेक्शन जांच के लिए सैंपल के तौर पर लिए गए थे। नमूनों की प्राथमिकता के आधार पर तीन लैबों में जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में इंजेक्शन अधोमानक पाए गए। इनमें दवा की मात्रा निर्धारित मानक से कम मिली। इसके बाद शासन ने संबंधित स्टॉक वापस करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने बाकी बचे 4,880 इंजेक्शन यूपीएमएससीएल को लौटा दिए। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रोमेथाजिन इंजेक्शन की जांच रिपोर्ट अधोमानक आई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद शेष इंजेक्शन का इस्तेमाल रोकते हुए उन्हें वापस कर दिया गया। कई बीमारियों के इलाज में होता है इस्तेमाल प्रोमेथाजिन इंजेक्शन का इस्तेमाल एलर्जी, उल्टी और मरीज को शांत करने के लिए किया जाता है। सर्जरी से पहले मरीज को आराम देने और नींद लाने में भी इसका उपयोग होता है। सरकारी व्यवस्था के तहत ये इंजेक्शन लेडी लॉयल अस्पताल, जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के इलाज के लिए भेजे जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)