देवरिया भाजपा में पिता-पुत्र को पद मिलने पर उठे सवाल:पिता जिला महामंत्री, बेटा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बना, सोशल मीडिया पर विरोध
देवरिया में भाजपा की जिला और प्रदेश कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारियों को लेकर देवरिया में संगठन के भीतर सवाल उठने लगे हैं। जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय के बेटे सच्चिदानंद राय को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाए जाने के बाद पार्टी में परिवार के दो सदस्यों को संगठनात्मक पद मिलने पर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भाजपा नेता अंकुर राय ने इस चयन पर सवाल उठाते हुए जमीनी कार्यकर्ताओं को अवसर देने की मांग की है। कुछ महीने पहले गठित भाजपा की जिला कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कृष्णनाथ राय को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब हाल ही में घोषित प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की सूची में उनके बेटे सच्चिदानंद राय का नाम भी शामिल है। इस तरह पिता जिला स्तर पर संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों में हैं, जबकि बेटे को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिली है।
सोशल मीडिया पर उठाए सवाल भाजपा नेता अंकुर राय ने सोशल मीडिया पर इस नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संगठन के लिए लगातार काम करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने के बजाय एक ही परिवार के दो सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने पर विचार होना चाहिए। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "जिसको नोटिस देना हो दे, मैं जवाब देने के लिए तैयार बैठा हूं।"
चौथी बार जिला महामंत्री बनाए जाने पर भी चर्चा
कृष्णनाथ राय को चौथी बार जिला महामंत्री बनाए जाने को लेकर भी चर्चा हो रही है। उनकी उम्र करीब 72 वर्ष बताई जा रही है। कुछ कार्यकर्ताओं के बीच नए चेहरों को अवसर देने और लंबे समय से संगठन में सक्रिय लोगों को उचित प्रतिनिधित्व मिलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
भाजपा में बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम मानी जाती है। ऐसे में देवरिया में इन नियुक्तियों को लेकर उठ रही चर्चा संगठन में पदों के वितरण और कार्यकर्ताओं को अवसर देने की प्रक्रिया पर केंद्रित है। हालांकि, इस मामले में पार्टी के आधिकारिक पक्ष की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)