ओमप्रकाश राजभर ने मौलाना मदनी और विपक्ष पर साधा निशाना:बोले- मौलवी मुसलमानों को शिक्षा-रोजगार से भटकाते हैं; अखिलेश से गोरखपुर चुनाव पर मांगा जवाब
अंबेडकरनगर में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को अंबेडकरनगर पहुंचकर मौलाना अरशद मदनी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने मुस्लिम समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मौलवी-मौलाना शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नौकरी जैसे बुनियादी सवालों पर समाज को आगे बढ़ाने के बजाय राजनीतिक दलों के पक्ष में वोट दिलाने का काम करते हैं। उन्होंने मुस्लिम समाज के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति के साथ धार्मिक नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए। सरकारी नौकरियों में मुस्लिम भागीदारी को लेकर किया दावा राजभर ने दावा किया कि आजादी के बाद सरकारी नौकरियों में मुसलमानों की भागीदारी 38 प्रतिशत थी, जो अब घटकर एक प्रतिशत से भी कम रह गई है। हालांकि, उन्होंने इस आंकड़े के समर्थन में कोई स्रोत नहीं बताया। मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों को गिराए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के तहत की जाती है। अदालत यदि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश देती है, तो सरकार को उसका पालन करना पड़ता है। उन्होंने मौलाना अरशद मदनी को भी अदालत के आदेशों का अध्ययन करने की सलाह दी। गोरखपुर के चुनावी घटनाक्रम पर अखिलेश से मांगा बयान सर्किट हाउस में सुबह करीब 10 बजे राजभर ने गोरखपुर के चुनावी घटनाक्रम का जिक्र करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से बयान देने की मांग की। उन्होंने संजय त्रिपाठी के चुनाव लड़ने और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को मिले वोटों का उल्लेख किया। राजभर ने दावा किया कि यादव मतदाताओं ने राजीव यादव का समर्थन किया और संजय त्रिपाठी को सपा समर्थकों का वोट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से संजय त्रिपाठी और ब्राह्मण समाज को सीख लेनी चाहिए। विपक्षी दलों पर अराजकता फैलाने का लगाया आरोप कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना समेत विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल देश में अराजकता का माहौल बनाने और सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके बयानों के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)