देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को:भगवान विष्णु की योगनिद्रा होगी पूरी, इस तिथि पर तुलसी और शालीग्राम का विवाह कराने की परंपरा
कल शुक्रवार, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी है। इस तिथि पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा पूरी कर जागेंगे। माना जाता है कि भगवान के जागने के साथ ही सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी फिर से श्रीहरि संभालेंगे। चातुर्मास खत्म होगा और विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन जैसे मांगलिक कार्यों के लिए मुहूर्त मिलने लगेंगे। इस दिन मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। तुलसी और भगवान शालीग्राम का विवाह भी इस तिथि पर कराने की परंपरा है। 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी थी, इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले गए थे और चातुर्मास शुरू हुआ था। अब 118 दिन बाद देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु जागेंगे। मान्यताओं के अनुसार, जब विष्णु जी विश्राम करते हैं, तब भगवान शिव सृष्टि का कार्यभार संभालते हैं। श्रीहरि के जागने के बाद वे दोबारा सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले लेते हैं। भगवान के जागने के बाद फिर शुरू होंगे मांगलिक काम उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, देवउठनी एकादशी से विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त मिलने लगते हैं। चातुर्मास के दिनों में विवाह जैसे शुभ कार्यों के मुहूर्त नहीं मिलते हैं। परंपरा- तुलसी और शालीग्राम का कराया जाता है विवाह देवउठनी एकादशी की प्रमुख परंपराओं में से एक है तुलसी-शालीग्राम का विवाह कराना। इस दिन तुलसी के पौधे और भगवान विष्णु के स्वरूप शालीग्राम का विवाह कराया जाता है। घरों और मंदिरों में विवाह के जैसी सजावट की जाती है। तुलसी को दुल्हन की तरह सजाकर शालीग्राम जी के साथ विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य मिलता है। इससे भगवान विष्णु की कृपा मिलती है और भक्त की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। माना जाता है कि इस दिन पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से वैवाहिक जीवन की परेशानियां भी दूर हो सकती हैं। तुलसी को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। इसलिए नियमित रूप से तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। रोज सुबह तुलसी के पौधे में जल चढ़ाना और शाम को उसके पास दीपक जलाना शुभ माना जाता है। ऐसे कर सकते हैं तुलसी-शालीग्राम का विवाह देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह घर में भी किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले पूजा की तैयारी करें। एक चौकी पर लाल कपड़ा या आसन बिछाकर तुलसी का पौधा स्थापित करें। दूसरी चौकी पर भगवान शालीग्राम को विराजित करें। चाहें तो तुलसी के पौधे के पास ही शालीग्राम जी को रख सकते हैं। तुलसी के पौधे के ऊपर गन्ने से मंडप बनाएं। इसके बाद कलश स्थापित कर दीपक जलाएं। तुलसी को लाल चुनरी, चूड़ियां, बिंदी और अन्य सुहाग की सामग्री अर्पित करें। भगवान शालीग्राम और तुलसी को मिठाई का भोग लगाएं। इसके बाद दोनों की आरती करें। पूजा पूरी होने पर तुलसी और शालीग्राम जी की परिक्रमा करें। इस दौरान ॐ नमो भगवते वासुदेवाय का जप कर सकते हैं। अंत में भगवान से पूजा के दौरान हुई जाने-अनजाने गलतियों के लिए क्षमा मांगें। एकादशी पर बाल गोपाल का करें अभिषेक देवउठनी एकादशी पर भगवान कृष्ण की पूजा करना भी शुभ माना जाता है। घर में स्थापित बाल गोपाल का पंचामृत से अभिषेक करें। उन्हें तुलसी दल के साथ माखन-मिश्री का भोग लगाएं। पूजा के दौरान 'कृं कृष्णाय नम:' मंत्र का जप करें। भगवान से परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना करें। शिव और हनुमान जी की पूजा से मिलेगा पुण्य इस दिन भगवान शिव की पूजा भी की जा सकती है। शिवलिंग पर जल चढ़ाएं। इसके बाद बिल्व पत्र, चंदन, आंकड़े के फूल और धतूरा अर्पित करें। धूप-दीप जलाकर ॐ नम: शिवाय मंत्र का जप करें। हनुमान जी की पूजा के लिए उनके सामने दीपक जलाएं। हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करें। आप चाहें तो ॐ रामदूताय नम: मंत्र का जप भी कर सकते हैं। देवउठनी एकादशी पर पूजा के साथ दान भी करना चाहिए। इस दिन किसी सुहागिन महिला को लाल साड़ी, चूड़ियां, बिंदी और सिंदूर जैसी सुहाग सामग्री दान कर सकते हैं। इसके अलावा गौशाला में गायों की देखभाल के लिए धन का दान करें। गायों को हरी घास खिलाकर उनकी सेवा करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)