आगरा के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी:शुरू हुईं परीक्षाएं, एक टीचर के भरोसे 70 बच्चे, जनगणना और निर्वाचन कार्यों में ड्यूटी लगने से बिगड़ी व्यवस्था
आगरा के परिषदीय विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन शिक्षकों की भारी कमी के कारण परीक्षा संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कहीं एक शिक्षक 49 विद्यार्थियों की परीक्षा करा रहे हैं, तो कहीं 70 बच्चों की पूरी जिम्मेदारी अकेले एक शिक्षक के कंधों पर है। वजह है एक ही समय में शिक्षकों को परीक्षा ड्यूटी के साथ-साथ जनगणना, एसआईआर और निर्वाचन संबंधी कार्यों में लगा दिया जाना। स्कूलों में हालात गंभीर: पिनाहट के प्राथमिक विद्यालय ऊपरी पुरा में स्थिति और ज्यादा खराब है। यहां तीनों शिक्षकों को प्रगणक बना दिया गया है और विद्यालय में परीक्षा कराने के लिए कोई शिक्षक मौजूद नहीं है। तहसील स्तर से लगातार स्वगणना का दबाव बना रहे हैं। एक शिक्षक ने बीमारी और स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए ड्यूटी से मुक्त करने का आवेदन दिया, लेकिन कार्रवाई के डर से वे काम करने को मजबूर हैं। बाह के प्राथमिक विद्यालय झरे की गढ़ी में तीन शिक्षकों में से दो की जनगणना ड्यूटी लगी है। नतीजा, 56 विद्यार्थियों की परीक्षा की जिम्मेदारी अकेले एक शिक्षक पर आ गई है। एत्मादपुर ब्लाक के जूनियर हाईस्कूल बहरामपुर में भी 70 बच्चों की परीक्षा एक ही शिक्षक कराते मिले, जबकि अन्य शिक्षक बीएलओ और जनगणना कार्य में लगे हुए हैं। कंपोजिट विद्यालय बिजहमई (बरौली अहीर) में पूरा स्टाफ जनगणना में ड्यूटी पर है। इनमें तीन शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी विद्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर के क्षेत्र में लगी है। कंपोजिट विद्यालय सुरैरा और बिहारीपुर में भी शिक्षकों की कमी के बीच परीक्षा चल रही है। कंपोजिट विद्यालय बहरामपुर में सिर्फ एक शिक्षक परीक्षा संचालन कर रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय सराय जयराम के पांच शिक्षकों की ड्यूटी लगने से वहां भी परीक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। शिक्षक संघों ने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग: यूटा के जिलाध्यक्ष केके शर्मा और जिला महामंत्री राजीव वर्मा का कहना है कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्य महत्वपूर्ण हैं, लेकिन शासन-प्रशासन को उसी के अनुरूप विद्यालयों में शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। एक शिक्षक से परीक्षा कराना, उत्तर पुस्तिकाएं जांचना और परिणाम तैयार कराना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री बृजेश दीक्षित ने भी शिक्षकों पर एक साथ कई जिम्मेदारियां डालने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि परीक्षा के दौरान विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध रहना जरूरी है। विभाग को जनगणना और निर्वाचन ड्यूटी का समन्वय इस तरह करना चाहिए कि बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)