एकादशी के बाद साथ होंगे मांगलिक कार्य:इस बार मुहूर्त कम, उज्जैन बना डेस्टिनेशन वेडिंग ठिकाना; 40 करोड़ रुपए से ज्यादा की शादियां
देव प्रबोधिनी एकादशी यानी 20 नवंबर से चातुर्मास समाप्त होने के साथ ही मांगलिक कार्यों और शादियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। हालांकि, इस बार देवउठनी ग्यारस पर पंचांग में विवाह का नियमित मुहूर्त नहीं है, लेकिन अबूझ मुहूर्त होने के कारण इस दिन भी शहर में सैकड़ों शादियां होंगी। नवंबर से मार्च तक विवाह के मुहूर्त की संख्या कम है, इसके बावजूद एमपी में शादियों की धूम रहेगी। वहीं उज्जैन में डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन तेजी से बढ़ा है। अनुमान है कि अगले पांच महीनों में शहर में 40 करोड़ रुपए से अधिक की शादियां होंगी। इनमें करीब 30 प्रतिशत ग्रैंड वेडिंग दूसरे शहरों और राज्यों से आने वाले परिवारों की होंगी। इंदौर, भोपाल के अलावा गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र से लोग उज्जैन में शादी समारोह आयोजित कर रहे हैं। नवंबर से मार्च तक विवाह के मुहूर्त ज्योतिषाचार्य पं. अमर डिब्बेवाला के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी से विवाह, यज्ञोपवीत, मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा सहित अन्य शुभ कार्यों की शुरुआत होगी। चातुर्मास समाप्त होने के बाद विवाह, यज्ञोपवीत, गृह आरंभ, गृह प्रवेश, वास्तु और नए उद्योग की शुरुआत जैसे मांगलिक कार्य किए जा सकेंगे। इस बार पंचांगों में विवाह के मुहूर्त कम हैं। गुरु के सिंह राशि में परिभ्रमण को लेकर कुछ पंचांगों में शुरुआती मुहूर्त नहीं लिए गए हैं, जबकि कुछ में इन्हें शामिल किया गया है। मुहूर्त चिंतामणि की गणना के अनुसार शुद्ध लग्न के मुहूर्त इस प्रकार हैं। इंदौर का दूल्हा, अहमदनगर की दुल्हन; उज्जैन में शादी उज्जैन में दूसरे शहरों से आकर शादी करने वाले परिवारों की संख्या बढ़ रही है। इसका एक उदाहरण 22 जनवरी को होने वाली शादी है, जिसमें दूल्हा इंदौर का और दुल्हन महाराष्ट्र के अहमदनगर की है। परिवार ने शादी के लिए उज्जैन को चुना है। शहर में होटल, रिसॉर्ट, मैरिज हॉल और गार्डन के विकल्प उपलब्ध हैं। बड़े शहरों की तुलना में यहां शादी का खर्च करीब 40 से 50 प्रतिशत तक कम पड़ता है। परिवार अपने बजट के अनुसार होटल, आयोजन स्थल, कैटरिंग और डेकोरेशन का पैकेज तय कर सकते हैं। होटल-रिसॉर्ट में आधी बुकिंग दूसरे शहरों के परिवारों की उज्जैन में छोटे-बड़े कई होटल और रिसॉर्ट शादी समारोहों के लिए बुक किए जा रहे हैं। होटल संचालकों के मुताबिक, कुछ बड़े होटलों में करीब 50 प्रतिशत बुकिंग दूसरे शहरों से आने वाले परिवारों की है। एमपी टूरिज्म के तीन होटलों के अलावा इंदौर रोड पर कई बड़े होटल, रिसॉर्ट, धर्मशालाएं और पार्क हैं। इनमें से अधिकांश मार्च तक के लिए बुक हो चुके हैं। होटल और आयोजन स्थल के पैकेज शादी की तारीख, मेहमानों की संख्या और सुविधाओं के हिसाब से तय होते हैं। 700 रुपए की प्लेट में कैटरिंग, बड़े शहरों में 2 से 4 हजार तक शादी के खर्च में कैटरिंग का बड़ा हिस्सा होता है, लेकिन उज्जैन में यह भी बड़े शहरों की तुलना में किफायती है। यहां करीब 700 रुपए प्रति प्लेट में चार तरह की रोटी, दो सब्जियां, दाल, चावल, साउथ इंडियन और पंजाबी व्यंजन, मॉकटेल, सूप, स्टार्टर और दो तरह की मिठाई तक मिल जाती हैं। यही मेन्यू दिल्ली सहित बड़े शहरों के होटलों में 2 से 4 हजार रुपए प्रति प्लेट तक का पड़ सकता है। बैंड-बाजा, पार्लर और डेकोरेशन का खर्च भी कम अपने परिवार में दो शादियां करवा चुके इंश्योरेंस अधिकारी पंकज खंडेलवाल बताते हैं कि उज्जैन में माता पूजन और बारात के लिए घोड़ी के साथ बैंड 15 से 21 हजार रुपए में बुक हो जाता है। बड़े शहरों में इसी व्यवस्था पर 50 से 90 हजार रुपए तक खर्च करना पड़ता है। उनके मुताबिक, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, फोटोग्राफी, फूल, डेकोरेशन और कैटरिंग जैसी सेवाएं भी यहां अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध हैं। 80 कमरे दो दिन के लिए 20 लाख में बुक खंडेलवाल के अनुसार, पिछले साल बड़ौदा और मुंबई के दो परिवारों ने उज्जैन के होटल में शादी आयोजित की थी। दोनों परिवार महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों से आए थे। अंजूश्री होटल के 80 कमरे दो दिन के लिए 20 लाख रुपए में बुक किए गए थे। डेकोरेशन और खाने का खर्च अलग था। इसके बावजूद मुंबई की तुलना में शादी का कुल खर्च करीब आधा रहा। ओडिशा और हैदराबाद के परिवार भी उज्जैन में डेस्टिनेशन वेडिंग कर चुके हैं। उनका कहना है कि हैदराबाद के मुकाबले यहां शादी का खर्च करीब 50 प्रतिशत कम आया। शादी के साथ बाबा महाकाल के दर्शन का अवसर उज्जैन को डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में चुनने की एक वजह बाबा महाकाल का मंदिर भी है। शादी में शामिल होने के लिए दूसरे शहरों और राज्यों से आने वाले मेहमान समारोह के साथ महाकाल के दर्शन भी कर सकते हैं। होटल, रिसॉर्ट और धर्मशालाओं के विकल्प, बड़े शहरों के मुकाबले कम खर्च और धार्मिक माहौल के कारण उज्जैन अब शादी समारोहों के लिए भी पसंदीदा जगह बन रहा है। ---------------------------- ये खबर भी पढ़ें… राजसी ठाट-बाट से नगर भ्रमण पर निकले महाकाल उज्जैन में भगवान महाकाल की कार्तिक माह की पहली सवारी सोमवार को राजसी ठाट-बाट के साथ निकाली जा रही है। शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद सवारी रवाना हुई। पूरी खबर पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)