कुएं में मिले सिरकटे शव की पत्नी ने पहचान की:पैर में बंधे काले धागे से हुई शिनाख्त, गांव के लोगों पर हत्या का आरोप
शाहजहांपुर में मंगलवार को कुएं में सिरकटा शव मिला था। बुधवार को परिवार ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान विनोद के रूप में की। पत्नी पूजा ने पैर में बंधे काले धागे को पहचान का आधार बताया। सिर नहीं होने के कारण पुलिस पहचान की पुष्टि के लिए पत्नी पूजा, बेटे और विनोद की मां सिमरता का डीएनए सैंपल लेगी। डीएनए जांच के लिए शव की जांघ की हड्डी और मांस रखा गया है। पूजा ने कहा कि पुलिस शव को विनोद का मानने से इनकार कर रही है। बेटे आदित्य ने गांव के कुछ लोगों पर पिता की हत्या का आरोप लगाया। उसने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। परिवार ने पुलिस पर आरोपियों से मिलने और उन्हें धमकाने का आरोप भी लगाया। परिवार के मुताबिक, विनोद पिछले एक साल से लापता थे। बेटे ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ रसूखदार लोगों ने उनके पिता पर चार झूठे मुकदमे दर्ज कराए थे। विनोद एक साल पहले जेल से छूटे थे। बेटे के मुताबिक, जेल से छूटने के बाद उनके साथ मारपीट भी हुई थी।
दिल्ली में रहने वाले आदित्य और उनकी मां पूजा बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पूजा ने बताया कि भाईदूज पर उनकी विनोद से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। विनोद कभी-कभी फोन करते थे, लेकिन अपना पता नहीं बताते थे। पूजा के मुताबिक, भाईदूज पर बात के दौरान विनोद ने अचानक फोन काट दिया था। उन्होंने कहा कि विनोद के लापता होने के बाद पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही पहचान की पुष्टि होगी। पुलिस के मुताबिक, सिर मिलने पर पहचान स्पष्ट हो सकती थी। शव मिलने की जगह से करीब 50 मीटर दूर नदी है। पुलिस वहां भी सिर की तलाश कराएगी। पुलिस ने आरोपों से जुड़े लोगों और शव पर दावा करने वाले परिवार के मोबाइल नंबर लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाई जाएगी।परिवार ने लिखित में शव को विनोद का बताया है।पुलिस गुरुवार को शव परिवार को सौंपकर अंतिम संस्कार कराएगी। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)