धान बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी नहीं:भदोही में पहले की तरह करा सकेंगे पंजीकरण; दूसरे गांव की जमीन जोड़ने का विकल्प
भदोही में इस धान खरीद सत्र में सरकारी धान खरीद केंद्रों पर धान बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी नहीं है। किसान पुरानी व्यवस्था के तहत पंजीकरण कराकर भी धान बेच सकते हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने किसानों से कहा कि जिनकी फार्मर रजिस्ट्री बन चुकी है, वे उसके जरिए भी धान बिक्री के लिए पंजीकरण और जरूरी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि धान बेचने में किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। फार्मर रजिस्ट्री में अब किसान अपने गांव के अलावा दूसरे गांवों में मौजूद अपनी कृषि भूमि के गाटे भी जुड़वा सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर दूसरे गांव की जमीन जोड़ने का विकल्प दिया गया है। किसान यह प्रक्रिया खुद या कृषि विभाग के कर्मचारियों, राजस्व विभाग के लेखपाल, पंचायत सहायक और जनसेवा केंद्र (CSC) के जरिए पूरी कर सकते हैं। आवेदन के बाद संबंधित गाटा लेखपाल की आईडी पर अनुमोदन के लिए दिखेगा। लेखपाल राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर मंजूरी देंगे। इसके बाद जमीन किसान की फार्मर आईडी में जुड़ जाएगी। इससे एक से अधिक गांवों में कृषि भूमि रखने वाले किसानों को सुविधा मिलेगी। खतौनी एवं आधार कार्ड में नाम की भिन्नता होने पर कराएं सुधार
यदि किसी किसान की खतौनी में दर्ज नाम और आधार कार्ड में अंकित नाम में भिन्नता के कारण फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने में समस्या आ रही है, तो ऐसे किसान संबंधित लेखपाल से संपर्क कर अभिलेखों में आवश्यक सुधार करा सकते हैं। नाम संबंधी त्रुटियों का निराकरण होने के बाद फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
यदि किसी किसान की फार्मर रजिस्ट्री में उसकी कुल भूमि के सापेक्ष कम भूमि दर्ज है अथवा दूसरे ग्राम में स्थित कृषि भूमि किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाई है, तो ऐसे किसान परेशान न हों। वे संबंधित राजकीय धान क्रय केंद्र पर पहुंचकर क्रय केंद्र प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं। आवश्यक अभिलेख एवं भूमि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने पर छूटी हुई भूमि को फार्मर रजिस्ट्री में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकेगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य फार्मर रजिस्ट्री एवं भूमि संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण किसानों के धान विक्रय में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देना है।
किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
जनपद में धान खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाने तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। धान विक्रय, पंजीकरण अथवा राजकीय धान क्रय केंद्रों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान निम्नलिखित नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कंट्रोल रूम का नंबर जारी
जिलाधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की है कि फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए अपने क्षेत्र के लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, पंचायत सहायक, जनसेवा केंद्र अथवा संबंधित धान क्रय केंद्र प्रभारी से संपर्क करें। किसान किसी भी प्रकार के भ्रम अथवा अनावश्यक परेशानी से बचते हुए राजकीय धान क्रय केंद्रों पर अपना धान विक्रय करें और शासन की धान खरीद व्यवस्था का लाभ उठाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)