दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला:सहारनपुर में पति ने आई-20 कार और 10 लाख रुपए मांगे, चार पर FIR
सहारनपुर में आई-20 कार और 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकालने और मायके में मारपीट करने का आरोप है। महिला थाना पुलिस ने शनिवार सुबह 8 बजे पति समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। पीड़िता ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, स्त्रीधन अपने पास रखने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। गांव मुस्तफापुर निवासी अंजली (36) की शादी 30 अप्रैल 2021 को जयकुमार से हुई थी। अंजली के मुताबिक, शादी में उसके परिवार ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। पति को सोने की अंगूठी, चेन और पल्सर बाइक दी थी। ससुराल के अन्य लोगों को भी जेवर, कपड़े और घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। पति ने B.Tech की पढ़ाई का हवाला देकर आई-20 कार मांगी। अंजली के मुताबिक, इस मांग को लेकर उसे ताने दिए जाते और पीटा जाता था। अंजली का आरोप है कि 4 जुलाई 2021 को पति, सास, ससुर और ननद ने उसे पीटकर तीन कपड़ों में घर से निकाल दिया। समझौते के बाद वह ससुराल लौटी, लेकिन उसके साथ मारपीट जारी रही। 12 नवंबर 2021 को मारपीट के बाद 15 नवंबर को उसका गर्भपात हो गया। जनवरी 2022 में उसे फिर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, ससुराल वाले उसे बार-बार घर ले जाते और फिर कार व नकदी की मांग कर निकाल देते। 25 जून 2026 को आई-20 कार और 10 लाख रुपये लाने की शर्त पर उसे घर से निकाला गया। आरोप है कि 30 अगस्त 2026 को पति, सास-ससुर और ननद उसके मायके पहुंचे और वहां भी मारपीट की। पड़ोसियों के आने पर आरोपी धमकी देकर चले गए। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति जयकुमार समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)