धनतेरस पर प्रयागराज के सराफा बाजार में बरसी दौलत:250 करोड़ तक पहुंचा कारोबार; ज्वैलरी से ज्यादा सिक्कों की डिमांड

Nov 06, 2026 - 23:40
0
धनतेरस पर प्रयागराज के सराफा बाजार में बरसी दौलत:250 करोड़ तक पहुंचा कारोबार; ज्वैलरी से ज्यादा सिक्कों की डिमांड
प्रयागराज में धनतेरस पर सोने-चांदी के बाजार में ऐसी धनवर्षा हुई कि कारोबार का आंकड़ा 250 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। महंगे सोने के बावजूद खरीदारों का उत्साह कम नहीं हुआ। इस बार बाजार का ट्रेंड भी थोड़ा बदला नजर आया। लोग गहनों के बजाय सोने-चांदी के सिक्के और सोने के बिस्किट खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाते रहे। शुक्रवार को सोने की कीमतों में करीब चार हजार रुपये की गिरावट ने भी खरीदारी को रफ्तार दे दी। बाजार के जानकारों के मुताबिक, प्रयागराज में धनतेरस पर करीब 250 से 300 करोड़ रुपये का सराफा कारोबार हुआ। सिविल लाइंस, चौक और कटरा जैसे प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बनी रही। सुलेमसराय, नैनी और झूंसी के बाजारों में भी सोने-चांदी की जमकर खरीदारी हुई। दुकानों पर गहनों के साथ सिक्के, बिस्किट, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और चांदी के बर्तन खरीदने वालों की भीड़ रही। खास बात यह रही कि इस बार निवेश के लिहाज से सोने-चांदी के सिक्कों की मांग ज्यादा देखने को मिली। चार हजार रुपये सस्ता हुआ सोना तो टूट पड़े खरीदार धनतेरस से ठीक पहले शुक्रवार को सोने की कीमत में करीब चार हजार रुपये की गिरावट आई। इसका सीधा असर बाजार में खरीदारी पर दिखाई दिया। जिन लोगों ने कीमतें कम होने का इंतजार किया था, उन्होंने इस मौके का फायदा उठाया। शनिवार को सोने का भाव करीब 1,44,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि चांदी 1,88,000 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिकी। कीमतें ऊंची होने के बावजूद शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई खरीदारों ने भारी ज्वैलरी के बजाय कम वजन के सिक्कों और बिस्किट को प्राथमिकता दी। एक ग्राम सोने का सिक्का 15 हजार में बिका इस बार बाजार में सिक्कों की खरीदारी ने कारोबारियों को खास राहत दी। एक ग्राम सोने का सिक्का करीब 15 हजार रुपये में बिका। वहीं, चांदी के 10 ग्राम के सिक्के की कीमत करीब 2200 रुपये रही। सोने-चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के अलावा चांदी के बर्तनों की भी अच्छी मांग रही। व्यापारियों का मानना है कि बदलते बाजार में लोग अब पारंपरिक गहनों के साथ-साथ ऐसी खरीदारी भी कर रहे हैं, जिसे भविष्य के निवेश के तौर पर रखा जा सके। यही वजह रही कि इस बार सिक्कों और बिस्किट की बिक्री ने कारोबार को मजबूती दी। अगले दो दिन भी जारी रहेगी सिक्कों की बिक्री इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष और चौक के सराफा कारोबारी दिनेश सिंह ने बताया कि धनतेरस पर प्रयागराज में अनुमानित 250 से 300 करोड़ रुपये का सराफा कारोबार हुआ है। इस बार ज्वैलरी की तुलना में सिक्कों की मांग ज्यादा रही। सोने-चांदी के सिक्कों की खरीदारी अगले दो दिनों तक भी जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में सराफा कारोबार के लिहाज से इस बार धनतेरस काफी राहत देने वाला रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User