SRN अस्पताल में वृद्ध महिला का नी-रिप्लेसमेंट:क्रूसिएट रिटेनिंग तकनीक से हुई सर्जरी
प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) के अस्थि रोग विभाग के चिकित्सकों ने गंभीर गठिया से पीड़ित 62 वर्षीय महिला के बाएं घुटने का जटिल प्रत्यारोपण किया गया। डॉक्टर के मुताबिक झूंसी निवासी महिला का घुटना इतना टेढ़ा हो चुका था कि वह उसे पूरी तरह सीधा भी नहीं कर पा रही थी। ऑपरेशन के अगले ही दिन वह सहारे से चलने लगी और पांचवें दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जांच में महिला को ग्रेड-4 ऑस्टियोआर्थराइटिस पाया गया, जिसमें घुटने की हड्डियों के बीच मौजूद कार्टिलेज अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो जाता है। इस स्थिति में हड्डियां लगभग सीधे आपस में टकराने लगती हैं, जिससे तीव्र दर्द, अकड़न और चलने-फिरने में कठिनाई होती है। ग्रेड-4 ऑस्टियोआर्थराइटिस को गंभीर अवस्था माना जाता है, जिसमें विकृति और विकलांगता की संभावना अधिक होती है। आधुनिक सीआर तकनीक से इलाज ऑपरेशन करने वाले अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से टेढ़े घुटने में प्रत्यारोपण चुनौतीपूर्ण होता है। चिकित्सक टीम ने आधुनिक क्रूसिएट रिटेनिंग (सीआर) तकनीक से घुटने का प्रत्यारोपण किया। इस तकनीक में घुटने का महत्वपूर्ण प्राकृतिक लिगामेंट—पीसीएल—सुरक्षित रखा जाता है। सीआर तकनीक में पीसीएल को संरक्षित रखने से घुटने की स्थिरता, स्वाभाविक गति और हड्डी के संरक्षण में मदद मिल सकती है। यह तकनीक उपयुक्त मरीजों में घुटने की कार्यक्षमता बनाए रखने में सहायक मानी जाती है, हालांकि इसका चयन मरीज की स्थिति और लिगामेंट की स्थिति के आधार पर किया जाता है। ऑपरेशन के बाद तेज सुधार डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। अगले ही दिन वह सहारे के साथ चलने में सक्षम हुई, जबकि पांचवें दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि गंभीर विकृति वाले घुटनों में सही तकनीक, सावधानीपूर्वक संतुलन और उपयुक्त पुनर्वास से मरीज जल्दी गतिविधि शुरू कर सकते हैं। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने कहा कि एसआरएन अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि प्रयागराज और आसपास के जिलों के मरीजों को जटिल ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों में न जाना पड़े और उन्हें सरकारी अस्पताल में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके। ऑपरेशन में अस्थि रोग विभाग के डॉ. आनंद कुमार, डॉ. आशुतोष और डॉ. जितेंद्र शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अभिजीत, डॉ. निखिल और डॉ. नन्हे के साथ ऑपरेशन थिएटर के नर्सिंग एवं तकनीकी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)